जयपुर। उदयुपर में चले कांग्रेस के तीन दिवसीय चिंतन शिविर में प्रियंका गांधी के नजदीकी नेता माने जाने वाले आचार्य प्रमोद कृष्णम भी भाग ले रहे हैं। आचार्य ने एक बार फिर सचिन पायलट के समर्थन में बोलते हुए उनके साथ अन्याय होने की बात कही है।
कांग्रेस चिंतन शिविर में पॉलिटिकल कमेटी में इनवाइट मेंबर आचार्य प्रमेाद कृष्णम ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव 2018 में सचिन पायलट प्रदेश अध्यक्ष थे उन्हें राजस्थान का मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए था लेकिन ऐसा नहीं हुआ और उनके साथ नाइंसाफी हुई। आचार्य ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2018 में अन्य राज्यों के प्रदेशाध्यक्षों को मुख्यमंत्री बनाया गया था। पंजाब में अमरिंदर सिंह प्रदेशाध्यक्ष थे तो उन्हें सीएम बनाया गया। एमपी में कमलनाथ प्रदेशाध्यक्ष थे उन्हें सीएम बनाया, छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल प्रदेशाध्यक्ष थे उन्हें सीएम बनाया लेकिन राजस्थान में सचिन पायलट के साथ ऐसा नहीं हुआ। आचार्य ने कहा कि मैं उम्मीद करता सोनिया गांधी जी उनके साथ इंसाफ करेंगी।
आचार्य प्रमोद ने कहा सोनिया गांधी ने भाषण का जिक्र करते हुए कि उन्होंने अब बदलाव के लिए इशारा कर दिया है। और अब चिंतन के बाद जल्द ही बडे परिवर्तन होने वाले हैं। बता दें कि इससे पहले भी कई बार आचार्य प्रमेाद कृष्णम सचिन पायलट के मुख्यमंत्री बनाये जाने के समर्थन में बयान दे चुके हैं। साथ ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जुबानी हमला कर चुके हैं।