जल जीवन मिशन व पेयजल परियोजनों की अतिरिक्त जिला कलक्टर ने की समीक्षा
बूंदी, 24 नवंबर। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की मासिक बैठक का आयोजन गुरुवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर मुकेश कुमार चौधरी की अध्यक्षता में किया गया। इसमें हर घर नल, स्वीकृत जल योजनाओं, वृहद परियोजना की भौतिकी स्थिति एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, ग्राम पंचायत तथा स्वास्थ्य केंद्रों को नल कनेक्शन द्वारा लाभान्वित करने इत्यादि बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के तहत अर्जित प्रगति के डाटा में आ रहे अंतर को दूर किया जावे। इसके लिए शिक्षा एवं चिकित्सा विभाग समन्वय से कार्य करें, ताकि प्रगति ही सही जानकारी मिल सके। इस कार्य को अगले सात दिवस में पूरा किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि पेजयल की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जावे। बैठक में स्वीकृत योजनाओं के निर्माण के लिए जन सहयोग राशि व रख रखाव के दायित्व को लेकर भी चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में पंचायत, पंचायत समिति व जिला परिषद अपनी भूमिका का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत सहायकों की भी अभियान के क्रियान्वयन में मदद ली जावे।
बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता डीएन व्यास, सीएमएचओ डॉ. ओ.पी.सामर, एसीईओ हरीशचन्द्र मीना, कृषि अधिकारी मोनिका मीना, शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बूंदी राजस्थान