जयपुर। दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येन्द्र जैन जो कि इन दिनो मनी लॉन्ड्रिंग केस में तिहाड़ जेल में बंद हैं। जेल से जैन का और नया वीडियो सामने आया है जिसमें मंत्री को जेल की बैरक में बिस्तर पर खाना परोसा जा रहा है। यह वीडियो लगभग ढेड मिनट का है जो कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बैरक के अंदर एक अन्य व्यक्ति भी है जो कि जैन को खाना परोसते हुए नजर आ रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी दिल्ली सरकार के मंत्री के 4 वीडियो सामने आ चुके हैं। एक वीडियो जिसने सबसे ज्यादा बखेडा खडा किया वह था जिसमें वो जेल में मसाज कराते दिख रहे थे।
जैन के इस नये वीडियो के सामने आने के बाद भाजपा ने एक बार फिर से दिल्ली की आप सरकार पर निशाना साधा है। भाजना ने कहा कि, आप के मंत्री को जेल में वीआईपी ट्रीटमेंट मिल रहा है। रेपिस्ट से मसाज के बाद अब सत्येंद्र जैन लजीज खाने का लुत्फ उठाते दिख रहे हैं। एक अटेंडेंट उन्हें खाना परोस रहा है। ऐसा लग रहा है, जैसे रिसॉर्ट में छुट्टियां मना रहे हों। केजरीवाल ने यह निश्चित कर दिया है, कि हवालाबाज को जेल में सजा नहीं मजा मिले।
याद दिला दें कि ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में 31 मई 2022 के दिन सत्येन्द्र जैन को गिरफ्तार किया था। उसके बाद से वह तिहाड़ में बंद हैं। जैन के वकील ने कई बार जमान की याचिका लगाई लेकिन हर बार वह खारिज हो गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार को कोर्ट में हुई पेशी के दौरान सत्येंद्र जैन के वकील ने कोर्ट से कहा था कि खाना और इलाज सही नहीं मिल रहा है। जेल में जैन का वजन 28 किलो घट गया है।
वहीं, मसाज वाले वीडियो पर आाम आदमी पार्टी ने अपना बचाव करते हुए कहा कि जैन बीमार हैं और डॉक्टरों की सलाह पर फीजियोथेरेपी ले रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि तिहाड़ के वीडियो लीक कैसे हुए और भाजपा के पास कैसे पहुंचे। साथ ही जैन की बीमारी का मजाक बनाने को शर्मनाक बताया था।