डीग में पहली बार सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस मनाया

डीग, जिले में पहली बार सशस्त्र सेना भूतपूर्व सैनिक दिवस आयोजित किया गया। जिला कलक्टर डीग शरद मेहरा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की । जिला कलेक्टर ने अपने संबोधन में बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष 14 जनवरी को मनाया जाता है। वर्ष 1953 में इसी दिन भारतीय सशस्त्र सेना के पहले कमांडर इन चीफ, फील्डमर्शल के.एम. करिअप्पा सेवा निवृत हुए थे,

जिन्होंने 1947-48 भारत-पाकिस्तान के युद्ध में भारतीय सेना का नेतृत्व करते हुए जीत दिलाई थी। इस कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रुप में जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र परमार, उपखंड अधिकारी डीग रवि गोयल, आयुक्त नगर परिषद नरसीलाल मीना, तहसीलदार भगवत शरण त्यागी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत जिला कलेक्टर ने शहीद स्मारक पर दीप प्रज्वलित कर के की। इसके पश्चात उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित करते हुए शहीदों को नमन किया।

इस अवसर पर कवि चंद्रभान चंद ने "शहीदों को नमन" कविता प्रस्तुत की। कार्यक्रम में वीर चक्र विजेता रामस्वरूप राणा की धर्मपत्नी श्रीमती चंदन कौर एवं कर्नल हरि सिंह की धर्मपत्नी शांति देवी को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कैप्टन बच्चू सिंह, सूबेदार मेजर रमेश चंद्र शर्मा, नायब सूबेदार देव सिंह, सार्जेंट सुगन गुप्ता, हवलदार हरिओम, हवलदार राजवीर, सार्जेंट लालाराम, हवलदार भान सिंह को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन उमेश प्रजापति कनिष्ठ सहायक पंचायत समिति डीग ने किया।