जयपुर। शनिवार को पंजाब में पंजाब पुलिस के एक एएसआई ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एएसआई ने अपने सीनियर द्वारा कथित रूप से अपमानित किए जाने का आरोप लगाया। एएसाआई ने सुबह पुलिस थाने के अंदर अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी उन्होंने एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया जिसमें उन्होंने अपनी जिंदगी खत्म करने की वजह बताई।
होशियारपुर के हरियाना थाने में तैनात सतीश कुमार ने आरोप लगाया कि टांडा थाने के थाना प्रभारी ओंकार सिंह ने गुरुवार को निरीक्षण के दौरान उन्हें गालियां दीं। वीडियो में उन्हें यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मैंने उनसे कहा कि इस तरह मेरा अपमान करने के बजाय बेहतर होगा कि उन्होंने मुझे गोली मार दी हो।
वीडियो में कुमार ने बताया कि यह पूरा प्रकरण इसलिए हुआ क्योंकि एसएचओ उनके एक जवाब से संतुष्ट नहीं था। दरअसल सतीश कुमार से एसएचओ ने उन मामलों के बारे में पूछा जो अगले दिन पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालयों में सुनवाई के लिए निर्धारित थे। सतीश कुमार ने कहा कि केवल एक मामला है जिस पर मैं काम कर रहा हूं और अन्य मामलों का विवरण संबंधित से मिल सकता है। जिसके बाद एसएचओ ने मुझे अपमानित किया। यही नहीं एसएचओ ने मेरे खिलाफ रिकॉर्ड बुक में शिकायत भी दर्ज कराई। सतीश ने कहा कि घटना के बाद उन्होंने अपना जीवन समाप्त करने का फैसला किया।
पुलिस ने कहा कि एसएचओ को पुलिस लाइन में स्थानांतरित कर दिया गया है और जांच के आदेश दे दिए गए हैं। होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरताज सिंह चहल ने कनिष्ठ पुलिस से अपील की है कि अगर उन्हें कोई समस्या आती है तो वे उनसे संपर्क करें।