जयपुर। बाबा रामदेव ने शुक्रवार को कहा कि पतंजलि ग्रुप का कारोबार अगले पांच से छः साल में 2.5 गुना बढ़कर 1 लाख करोड़ रुपये होने की उम्मीद है और समूह की चार कंपनियों की प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश भी शुरू करेगा। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने यह भी घोषणा की कि पतंजलि समूह आने वाले वर्षों में 5 लाख लोगों को रोजगार देगा।
रामदेव ने यहां संवाददाताओं से कहा पतंजलि समूह का मौजूदा कारोबार करीब 40000 करोड़ रुपए है। समूह का कारोबार 5.7 वर्षों में 1 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि पतंजलि समूह की फर्म पतंजलि फूड्स पूर्व में रुचि सोया पहले से ही स्टॉक एक्सचेंजों में सूचीबद्ध है और इसका बाजार पूंजीकरण लगभग 50000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। रामदेव ने कहा हम अगले पांच साल में समूह की चार अन्य कंपनियों के आईपीओ पेश करेंगे। ये चार कंपनियां हैं पतंजलि आयुर्वेद, पतंजलि मेडिसिन, पतंजलि लाइफस्टाइल और पतंजलि वेलनेस।
पतंजलि समूह ने दिवाला कार्यवाही के माध्यम से रुचि सोया का ₹ 4,300 करोड़ में अधिग्रहण किया था। समूह ने रुचि सोया का फॉलो.ऑन पब्लिक ऑफरिंग लॉन्च किया और इसका नाम बदलकर पतंजलि फूड्स कर दिया।
रामदेव ने जोर देकर कहा कि पतंजलि समूह के सभी उत्पादों के गुण अच्छे हैं और कहा कि धार्मिक, राजनीतिक, चिकित्सा और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के माफिया द्वारा इसके ब्रांड की छवि खराब करने के प्रयास किए जा रहे हैं। किसी भी व्यक्ति और संगठन का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि समूह ने 100 से अधिक लोगों को कानूनी नोटिस दिए हैं और प्राथमिकी भी दर्ज की है।