बहुजन संगठनों ने किया शक्तिप्रदर्शन, रैली निकाली, धरना प्रदर्शन कर सौंपा ज्ञापन
-लकड़ाई स्कूल में शिक्षिका के साथ बदसलूकी करने का मामला
बारां 29 जनवरी। नाहरगढ़ थानाक्षेत्र के लकड़ाई गांव के सरकारी स्कूल में गणतंत्र दिवस पर शिक्षिका हेमलता बैरवा के साथ की गई अभद्रता और उसको दी गई धमकी में मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने और पीड़िता को सुरक्षा को कराने की मांग को लेकर सोमवार को बहुजन समाज के दो दर्जन से अधिक संगठनों सैंकड़ों लोगों ने जिला मुख्यालय पर रैली निकाली और मिनी सचिवालय पर धरना प्रदर्शन कर जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तौमर को ज्ञापन सौंपा।
इससे पूर्व सभी संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं समेत बहुजन वर्ग के लोग बड़ी संख्या में श्रीराम स्टेडियम में एकत्रित हुए। जहां से पैदल व वाहनों से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए मिनी सचिवालय पहुंचे। जहां बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुई। यहां कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के सामने सभी धरने पर बैठ गए तथा जिला कलक्टर को ही ज्ञापन देने की जिद पर अड़ गए। लगभग पौन घंटे तक गतिरोध बना रहा।
इस बीच भीम आर्मी पदाधिकारियों व अन्य संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया तथा लोग नारेबाजी करते रहे। इस बीच ज्ञापन लेने जिला कलक्टर के प्रतिनिधि के रूप में तहसीलदार आए, जिन्हें भी ज्ञापन नहीं दिए जाने पर काफी देर बाद एसडीएम आए। जिन्हें प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपा। इसके बाद 10 सदस्यीय शिष्टमंडल जिला कलक्टर से वार्ता के लिए उनके कक्ष गया। जिसमें भीम आर्मी के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश बैरवा, जितेंद्र अटवाल व महेंद्र पाल मूलनिवासी, अखिल राजस्थान अजा, जजा व ओबीसी कर्मचारी अधिकारी महासंघ के जिलाघ्यक्ष डॉ. रामस्वरूप मीणा, डॉ. अम्बेडकर वेलफेयर सोसायटी जिलाध्यक्ष डॉ. सतीशचंद लहरी, अजाक के जिलाध्यक्ष कैलाशनारायण सगर, एससीएसटी परिसंघ जिलाध्यक्ष राजेश पंकज, अम्बेडकर वेलफेयर सोसायटी महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष गायत्री गोरल, बैरवा समाज अध्यक्ष चेतन बैरवा, योगेंद्र बैरवा, सीताराम मेघवाल, डॉ. रामचरण मीणा आदि शामिल थे। शिष्टमंडल ने जिला कलक्टर तोमर को ज्ञापन में शामिल सभी 7 मांगों का उल्लेख किया तथा तीन दिन की चेतावनी दी। जिला कलक्टर ने प्रकरण को गंभीरता से सुना व कार्यवाही का भरोसा दिलाया। इसके बाद सोसायटी जिलाध्यक्ष डॉ. लहरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
ये संगठन व समाज हुए शामिल-
अखिल राजस्थान अजा, जजा व ओबीसी कर्मचारी अधिकारी महासंघ, डॉ. अम्बेडकर अनुसूचित जाति अधिकारी कर्मचारी एसोसिएशन, डॉ. अम्बेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी, एससीएसटी परिसंघ, जिला बैरवा महासभा समिति, अखिल भारतीय प्रगतिशील बैरवा युवा महासभा, आदर्श मेहर समाज सेवा संस्थान, यादव जाटव विकास समिति, राजस्थान शिक्षक संघ अम्बेडकर, भीम आर्मी एकता मिशन, रजक समाज कर्मचारी विकास समिति, संयुक्त माली सैनी महासभा, अखिल भारतीय रैगर महासभा, मीणा कर्मचारी अधिकारी संगठन, राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत, अखिल भारतीय अनुसचित जाति परिषद, राष्ट्रीय बौद्ध महासभा, समता सैनिक दल, रजक विकास समिति समेत लगभग 25 संगठनों ने ज्ञापन सौंपे। जिन्हें एक संयुक्त ज्ञापन के साथ संलग्न किया गया था।