संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
प्रशासन गांवों के संग अभियान अंतर्गत बालापुरा में बुधवार को आयोजित शिविर ग्रामीण जनों को राहत का पिटारा लेकर आया। छोटूलाल मीणा की विद्युत संबंधी समस्या का समाधान कर घरेलू विद्युत कनेक्शन का मीटर बदल दिया गया। ममता बाई, भूली बाई और रामनिवास को स्प्रे मशीन मिल गई।
शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी श्योराम ने बताया कि शिविर में 50 मृदा स्वास्थ्य कार्ड जारी किए गए। लगभग 1 किलोमीटर पाइपलाइन की तीन काश्तकारों को वित्तीय स्वीकृति जारी हुई।
इसी तरह शंकरलाल बैरवा को मौके पर ही मुख्यमंत्री विशेष योग्यजन सम्मान पेंशन योजना का लाभ मिला। हंसाबाई के दोनों बच्चों विक्रम और सपना को भी पालनहार योजना का लाभ दिया गया।
151 पट्टे वितरित, 221 राजस्व खातों का हुआ शुद्धीकरण
शिविर में 151 परिवारों को पट्टे जारी हुए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 18 लाभार्थियों को भुगतान जारी किया गया। इसी तरह 66 नामान्तरण स्वीकृत किए गए तथा 221 राजस्व खातों में विभिन्न प्रकार की श्ुाद्धियां की गई। शिविर में आपसी सहमति से 10 खातों का विभाजन करवाया गया। रास्ते सम्बन्धी 4 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। शिविर में आए ग्रामीणजनों की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण होने से लोगों ने खुशी जताते हुए राज्य सरकार को धन्यवाद दिया।