जयपुर। पंजाब में बहुमत के साथ चुनाव जीतने के बाद आम आमदी पार्टी ने भगवंत मान को विधायक दल का नेता चुना। भगवंत मान आगमी बुधवार को पंजाब मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण करने से पहले भगवंत मान ने शुक्रवार को नवनिर्वाचित विधायकों को निर्देश देते हुए कहा कि, राजधानी चंडीगढ़ में नहीं, बल्कि अपने निर्वाचन क्षेत्रों में अधिक से अधिक समय बिताएं और कैबिनेट बर्थ के लिए लालायित न हों।
आप विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद मान ने कहा, "हमें उन सभी जगहों के लिए काम करना है जहां हम वोट मांगने गए थे। सभी विधायकों को उन क्षेत्रों में काम करना चाहिए जहां से वे चुने गए हैं, न कि केवल चंडीगढ़ में रहें।" उन्होंने कहा, "मैं आप सभी से अभिमानी नहीं होने की अपील करता हूं। उन लोगों के लिए भी काम करें जिन्होंने आपको वोट नहीं दिया है। आप पंजाबियों के विधायक हैं। उन्होंने सरकार चुनी है।"
आम आदमी पार्टी के 92 विधायकों की बैठक के के दौरान भगवंत मान ने कहा कि 'मुख्यमंत्री के अलावा हमारे पास 17 कैबिनेट मंत्री हो सकते हैं। किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप सभी कैबिनेट मंत्री हैं।'
बता दें कि पंजाब में 117 विधानसभा सीट हैं जिसके 15 प्रतिशत से अधिक केबिनेट मंत्री नहीं चुने जा सकते। ऐसे में मुख्यमंत्री के अलावा 17 और कैबिनेट मंत्री बन सकते हैं। गौरतलब है कि पंजाब में 117 सदस्यीय विधानसभा में 92 सीटों के साथ चुनाव में भारी जीत दर्ज की थी। आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान को पहले से ही मुख्यमंत्री का चेहरा चुन लिया गया था। भगवंत मान ने धुरी सीट से 58,000 से अधिक मतों से जीत हासिल की।