प्रधानमंत्री के संवाद कार्यक्रम से जुड़े जिले के लाभार्थी

-विकसित भारत संकल्प यात्रा ग्राम पंचायत, स्थानीय निकायों में करेगी भ्रमण


कोटा 9 दिसंबर। भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं इनके प्रति जन जागरूकता लाने के उद्देश्य से शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा के क्रम में शनिवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद किया। कोटा में यह कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र बोरखेड़ा में वीसी के माध्यम से आयोजित किया गया। जिला कलक्टर एमपी मीना,अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन राजकुमार सिंह एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला कलेक्टर ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा आगामी दिनों कोटा जिले में रहेगी। जिला  यह यात्रा प्रत्येक ग्राम पंचायत, स्थानीय निकाय में पहुंचेगी। शहरी क्षेत्र में यात्रा का केंद्र बिंदु कच्ची बस्तियां एवं सघन आबादी क्षेत्र रहेंगे। यात्रा का उद्देश्य ऐसे पात्र व्यक्ति तक योजनाओं को पहुंचाना है जो अपेक्षित लाभ से छूटे हुए हैं। योजनाओं के बारे में जानकारी का प्रसार और जागरूकता पैदा करना, व्यक्तिगत कहानियां, अनुभव आदि साझा करके योजनाओं के लाभान्वितों के साथ संवाद स्थापित कर सीखना,यात्रा के दौरान या संभावित लाभार्थियों का चिह्नीकरण व नामांकन आदि कार्य किए जाएंगे।
 
यात्रा के दौरान मोबिलाइजेशन, जागरूकता की सामुदायिक स्वीकार्यता, सांस्कृतिक प्रदर्शन आदि आयोजित होंगे। इसके अंतर्गत सूचनाओं के प्रसार हेतु सुसज्जित प्रचार वाहन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में भ्रमण करेगा।

कार्यक्रम में विकसित भारत संकल्प यात्रा की जिला नोडल अधिकारी ममता तिवारी,संयुक्त निदेशक कृषि खेमराज शर्मा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मुकेश कुमार झा, उपनिदेशक स्थानीय निकाय अनुपम टेलर, नगर निगम उत्तर  आयुक्त अनुराग भार्गव, दक्षिण भावना राघव, जिला रसद अधिकारी पुष्पा हरवानी एवं अन्य अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी उपस्थित रहे। भारत सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं के लाभार्थी भी मौजूद रहे।