स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह के गांव में आज पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे भगवंत मान

जयपुर। आम आदमी पार्टी (आप) के भगवंत मान पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में उस ऐतिहासिक गांव में शपथ लेंगे जहां, जहां स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह का जन्म हुआ था। बता दें कि 48 वर्षीय भगवंत मान 1970 के बाद से राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री होंगे।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और नेता राघव चड्ढा ने पीली पगड़ी पहने मुख्यमंत्री के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए संदेश के साथ लिखा: "आज पंजाब के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है क्योंकि 3 करोड़ पंजाबियों को एक साथ भगवंत मान के साथ मुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई जाएगी। इस भ्रष्ट व्यवस्था को बदलने और शहीद-ए-आजम भगत सिंह और बाबासाहेब अम्बेडकर के सपनों को पूरा करने की शपथ।" शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल मौजूद रहेंगे।

केजरीवाल का ट्विट
आप के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विट करते हुए लिखा "पंजाब के लिए आज का दिन बहुत बड़ा है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब एक साथ आएगा और इसे एक समृद्ध पंजाब बनाने का संकल्प लेगा। उस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह का पैतृक गांव खटकर कलां के लिए निकला हूं।

गौरतलब है कि AAP ने पंजाब में शानदार जीत हासिल की, 117 सीटों वाली पंजाब विधानसभा में 92 सीटें जीतीं और मौजूदा कांग्रेस को पछाड़ दिया। श्री मान ने संगरूर जिले के धुरी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 60,000 मतों से जीत हासिल की।

वहीं, कल लोकसभा सांसद के रूप में इस्तीफा देने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हम जानते हैं कि प्रशासन कैसे चलाना है। मैं सात साल से (लोकसभा) का सदस्य हूं। लोगों ने दिल्ली में हमारी सरकार को फिर से चुना है। हमारे पास अनुभव है।"
उन्होंने कहा, "कई दिग्गज राजनेता चुनाव हार गए हैं, और नए लोग जीते हैं। मुझे यकीन है कि राज्य में नए विचार आएंगे। इस सरकार में लीक से हटकर सोच होगी।"