गांव के विकास के लिए पैसे की कमी नहीं आने देंगे बिरला

-माखीदा में किया 70 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास


बूंदी 3 जनवरी। जिले के माखीदा गांव के प्रवास के दौरान लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 70 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में विकास के लिए पैसों की कमी नहीं आने दी जाएगी।

माखीदा क्षेत्र के लोग काफी समय से क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा पीपल्दा थाग गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा कक्षों के निर्माण, क्षेत्र में सामुदायिक भवन के निर्माण की मांग कर रहे हैं। स्पीकर बिरला के प्रयासों से नाबार्ड के माध्यम से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में 35.23 लाख रुपए की लागत से कक्षा कक्षों व चबूतरे का निर्माण कार्य पूरा हो गया, जिसका कि स्पीकर बिरला ने लोकार्पण किया।

इसके अलावा बिरला ने करीब 20 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन तथा करीब 15 लाख की लागत से राजकीय उच्च प्राथमिक बनने वाले कक्षा कक्षों का शिलान्यास किया। बिरला ने कहा कि कक्षा कक्षों के निर्माण से बच्चों को राहत मिलेगी। वहीं सामुदायिक भवन बनने से ग्रामीणों के लिए घर के निकट की कार्यक्रम आयोजित करना सुलभ हो जाएगा।

इस अवसर पर जिला कलक्टर डॉ रविंद्र गोस्वामी मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल सिंह , अतिरिक्त जिला कलक्टर सीलिंग नवरत्न कोली, पूर्व विधायक पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, पंचायत समिति के प्रधान वीरेंद्र सिंह हाड़ा, उपखंड अधिकारी भावना सिंह, संकल्प यात्रा के संयोजक तेजनारायण दुबे, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष महावीर मीणा, एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष भरत बैरवा, जिला महामंत्री योगेश श्रंगी, लाखेरी ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राम सिंह चौधरी, लाखेरी शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र शर्मा, करवर मंडल अध्यक्ष मुकेश जिंदल, सरपंच माखिदा रमेश पालीवाल, लबान सरपंच बुद्धिप्रकाश सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।