बीजेपी सांसद वरूण गांधी ने अग्निपथ की भर्तियों में जातियों को लेकर अपनी ही सरकार पर उठाये सवाल

जयपुर। बीजेपी के सासंद वरूण गांधी कई बार अपनी ही पार्टी के विरोध में बयान देते हुए नजर आये हैं। वरूण गांधी किसान आंदोलन, बढ़ती मंहगाई, पैक्ड दूध, अनाज, आटा पर जीएसटी जैसे मुद्दों पर खुद की सरकार को घेर चुके हैं। बरूण गांधी ने बीजेपी सरकार पर की अग्निपथ योजना पर भी सवाल उठाये।
दरअसल, गांधी ने अग्निपथ योजना में की जा रही भर्तीयों में अभ्यर्थीयों से जाति प्रमाण पत्र मांगे जाने पर विरोध जताया। वरूण ने कहा कि, 'अग्निपथ की भर्तियों में जाति प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब हम जाति देख कर किसी की राष्ट्रभक्ति तय करेंगे..?

वरूण गांधी ने ट्विट करते हुए लिखा, 'सेना में किसी भी तरह का कोई आरक्षण नहीं है पर अग्निपथ की भर्तियों में जाति प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है। क्या अब हम जाति देख कर किसी की राष्ट्रभक्ति तय करेंगे? सेना की स्थापित परंपराओं को बदलने से हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा पर जो प्रभाव पड़ेगा उसके बारे में सरकार को सोचना चाहिए।'
वरूण गांधी ने इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती का एक नोटिफिकेशन भी शेयर किया जिसमें अभ्यर्थीयों से जाति प्रमाण पत्र और धर्म सर्टिफिकेट मांगे जाने वाले बिंदू को हाईलाइट किया।

गौरतलब है कि वरूण ने दूध, दही, मक्खन, चावल, दाल, ब्रेड जैसे पैक्ड उत्पादों पर GST लगाने पर सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज करवाया। वरूण ने लिखा, 'दूध, दही, मक्खन, चावल, दाल, ब्रेड जैसे पैक्ड उत्पादों पर GST लागू है। रिकार्डतोड़ बेरोजगारी के बीच लिया गया यह फैसला मध्यमवर्गीय परिवारों और विशेषकर किराए के मकानों में रहने वाले संघर्षरत युवाओं की जेबें और हल्की कर देगा। जब ‘राहत’ देने का वक्त था, तब हम ‘आहत’ कर रहे हैं।