महिला सशक्तिकरण के शासकीय प्रयासों पर साक्षात्कार का आकाशवाणी से प्रसारण

संवाददाता शिवकुमार शर्मा

बूंदी|

महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बन रहा है बूंदी : प्रतिहार

महिला सशक्तिकरण के शासकीय प्रयासों पर मंगलवार को आकाशवाणी कोटा द्वारा आयोजित घर की शान बेटियां कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुरलीधर प्रतिहार मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने इस कार्यक्रम में आजादी के बाद से लगातार महिला व बालिका सशक्तिकरण की दिशा में हुए विभिन्न प्रयासों की जानकारी दी। राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए बनाई गई महिला नीति और विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित किए जा रहे कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रतिहार ने कहा कि बूंदी में जिला प्रमुख सहित पंचायती राज के विभिन्न पदों पर महिलाएं आसीन हैं, वहीं विभिन्न विभागों में महिलाएं कुशलता से कार्य कर रही हैं जो महिला सशक्तिकरण का जीता जागता उदाहरण है। दहेज प्रथा व बाल विवाह उन्मूलन , महिला आरक्षण प्रावधानों, बालिका शिक्षा, घरेलू हिंसा नियंत्रण, विधिक जागरुकता सहित विभिन्न सकारात्मक परिवर्तनों की चर्चा करते हुए प्रतिहार ने कहा कि आज विभिन्न सरकारी योजनाओं कार्यक्रमों के माध्यम से जुड़कर बालिकाएं व महिलाएं जागृत हो रही हैं तथा प्रगति पथ की ओर अग्रसर हैं। बालिका सशक्तिकरण की दिशा में शिक्षा की अहम भूमिका है, शिक्षा प्राप्त कर बालिकाएं न केवल अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकती हैं बल्कि विकास के आयामों का भी सृजन कर सकती हैं। उन्होंने बालिका सुरक्षा की दृष्टि से आत्मरक्षा प्रशिक्षण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया ।कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला सुरक्षा केंद्र व हेल्पलाइन डेस्क की उपादेयता को बताया। महिला अधिकारिता विभाग द्वारा प्रायोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिका व महिला जागरूकता व सशक्तिकरण हेतु वातावरण निर्माण करना है जिसका प्रसारण प्रति सप्ताह मंगलवार व शुक्रवार को किया जाता है।
कार्यक्रम का संचालन अंजना शर्मा ने किया व प्रस्तुति कमल मीना की रही ।