श्री कृष्ण गोशाला अजीतगढ़ के नंदी शाला की चारदीवारी तोड़कर गंदे पानी के नाले निकालने व अस्थाई अतिक्रमण किया

--गोशाला कमेटी ने व्यक्तिगत मौखिक समझाइश की, 7 दिवस बाद भी सुधार नहीं होने पर अब 5 फरवरी को होगी कार्रवाई

शाहपुरा न्यूज -  अजीतगढ़ स्थिति श्री कृष्ण गोशाला की कांडा कॉलोनी के पास प्रस्तावित नंदीशाला की चारदीवारी को आसपास के लोगों द्वारा तोड़कर गंदे पानी के नाले निकालने, गेट बनाने तथा गोशाला की दीवार पर अवैध तरीके से दीवार निर्माण आदि अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है। गोशाला कमेटी द्वारा 24 जनवरी को व्यक्तिगत मौखिक रूप से समझाइश की है, अब इसके बावजूद भी सुधार नहीं करने वालो के खिलाफ गोशाला कमेटी 5 फरवरी को अवैध नाले बंद करने, अस्थाई अतिक्रमणों को ध्वस्त करने के साथ ही गोशाला भूमि के भीतर रखे सामान को जब्त किया जायेगा। गोशाला अध्यक्ष चैतन्य मीणा, सचिव मूलशंकर शर्मा, कोषाध्यक्ष मोहन लाल पारीक ने बताया कि श्री कृष्ण गोशाला की कांडा कॉलोनी के पास गोशाला की खातेदारी भूमि पर चारदीवारी बनाई हुई है।

इस चारदीवारी पर दक्षिण - पश्चिम दिशा में कुछ परिवारों ने अवैध दीवार निर्माण, दीवार तोड़कर गोशाला भूमि में गंदे पानी के नाले खोल रखे है। कुछ परिवारों ने दीवार के ऊपर अवैध गेट बनाकर गोशाला भूमि में सामान डालकर स्थाई कब्जे कर रखे है। इन परिवारों को 24 जनवरी को गोशाला कमेटी पदाधिकारियों, सदस्यों ने व्यक्तिगत जाकर मौखिक रूप से गोशाला की दीवार तोड़कर निकाले गए नालों को बंद करने, गोशाला दीवार के ऊपर अवैध निर्माण को शीघ्र हटाने के लिए समझाइश की थी। लेकिन इसके बावजूद कुछेक व्यक्ति,परिवार सुधार नहीं कर रहे है।

गोशाला सचिव शर्मा ने बताया कि गोशाला की चारदीवारी के भीतर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवैध तरीके से दीवार तोड़कर नाले निकालने को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बार बार कहने के बावजूद सुधार नहीं करने पर अब 5 फरवरी को इन अवैध नालों को बंद करने, गोशाला भूमि के चारदीवारी के भीतर रखे सभी प्रकार के सामान, लकड़ी, पत्थर को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा चिन्हित अतिक्रमणकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी जाएगी।