जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा प्रदेश में पहली आयोजित की गई बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती में शिथिलता देकर पूरे 10157 पदों को भरे जाने की मांग को लेकर अभ्यर्थी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे तब तक धरने से नहीं हटेंगे जब उनकी मांग पूरी नहीं कर ली जाये। अभ्यर्थी इस मामले में विधायक आवास गांधीनगर के सामने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं।
दरअसल बेसिक कंप्यूटर भर्ती परीक्षा का परिणाम अगस्त महिने के अंतिम सप्ताह में जारी किया गया था। प्रथम आंसर की जारी करने के बाद बोर्ड ने छात्रों से आपत्तियां मांगी थी। बोर्ड ने आपत्तियों का निस्तारण करते हुए परिणाम जारी किया। अंतिम आंसर की में द्वितीय प्रश्न पत्र में 7 सवालों के जबाव बदल दिये गये वहीं 4 प्रश्नों का डीलीट कर दिया गया।
गौरतबल है की बेसिक कंप्यूटर अनुदेशक भर्ती परीक्षा में 9862 पदों पर भर्ती होनी थी। न्यूनतम कट ऑफ लेवल 40% के अनुसार 7069 अभ्यर्थी ही पास हुए। जिसके चलते 2793 पद रिक्त रह गए। ऐसे में अभ्यर्थी न्यूनमत पासिंग Marks में शिथिलता देकर संपूर्ण पदों को भरने की मांग कर रहे हैं। इस संबध में अभ्यर्थियों ने मंगलवार को बेरोजगार संघ अध्यक्ष उपेन यादव के साथ धरना प्रदर्शन भी किया था। और शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला को भी ज्ञापन सौंपा गया था। मंत्री ने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है।