शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
अभ्यर्थियों की सुविधाओं के लिए जुटा रहा प्रशासन
अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) 2021 में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को आवागमन एवं भोजन की निशुल्क व्यवस्थाएं राज्य सरकार की ओर से की गई हैं। जिला कलेक्टर रेणु जयपाल ने बताया कि कोई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों तक आने जाने तथा ठहरने के लिए परेशान ना हो तथा भूखा ना रहे, इसी मंशा से राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों तथा यहां से अन्य स्थानों के लिए परीक्षा देने जाने वाले अभ्यर्थियों के लिए सुविधाएं दी गई हैं। उन्होंने वीसी के माध्यम से उपखंड अधिकारियों को आवागमन एवं भोजन व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए और कहा कि इन व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
इंदिरा रसोईयों के जरिए निषुल्क भोेजन व्यवस्था
जिला कलेक्टर ने बताया कि इन्दिरा रसोइयों में भोजन करने वाले अभ्यार्थियों से लाभार्थी अंशदान राशि 8 रू नहीं लिए जाकर निशुल्क भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। लाभार्थी अंशदान राशि 8 रू प्रति थाली का भुगतान रसोई संचालकों को संबंधित जिला कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला परीक्षा संचालन समिति रीट के स्तर से किया जाएगा। राजकीय अनुदान राशि 12 रू प्रति थाली का भुगतान इन्दिरा रसोई मद से पूर्व की भांति किया जाएगा। इन्दिरा रसोई पोर्टल पर 25 सितम्बर से 27 सितम्बर तक भोजन थाली की क्षमता असीमित होगी। अभ्यर्थियों को वितरित निशुल्क भोजन पैकिटस का इन्द्राज इन्दिरा रसोई पोर्टल पर नहीं किया जाकर ऑफलाईन संधारण किया जाएगा। पैकिंग की व्यवस्था रसोई संचालक द्वारा अपने स्तर पर की जाएगी।
इन्दिरा रसोई में नियमित रूप से भोजन करने वाले व्यक्तियों से नियमानुसार लाभार्थी अंशदान राशि 8 रू प्रति थाली ली जाएगी। पारदर्शिता से पालना किए जाने हेतु इन्दिरा रसोईयों में एक कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाएगी एवं अभ्यर्थियों को भोजन पैकिटस वितरण का कार्य स्थानीय प्रशासन, नगर निकाय द्वारा अपने स्तर पर किया जाएगा। किसी भी प्रकार की कोताही बरतने पर नगर निकायों, इन्दिरा रसोईयों के संचालकों के विरूद्व कठोर कार्यवाही की जाएगी। इस व्यवस्था की सघन मॉनिटरिंग एवं सत्यापन किया जाए ।
स्थानीय निकायों द्वारा अभ्यर्थियों के आवास के लिए भी मैरिज होम, रैन बसेरे एवं अन्य स्थानों पर व्यवस्थाएं की गई है। यहां बिस्तर, शौचालय, पेयजल इत्यादि व्यवस्थाएं रहेंगी।
जिला मुख्यालय से विभिन्न रूटों पर रहेगी निषुल्क वाहन सुविधा
बूंदी जिला मुख्यालय से जिले के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर जाने वाले परीक्षार्थियों की यात्रा को सुगम बनाने के लिए जिला मुख्यालय के विभिन्न स्थानों पर 25 सितंबर को सुबह 5 बजे रोडवेज बसे एवं अधिग्रहण कर प्राईवेट बसें, टैक्सी तैनात रहेगी।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि 25 सितंबर को बूंदी से नैनवां वाया अलोद, दबलाना, बूंदी से लाखेरी, इन्द्रगढ, बूंदी से केषवरायपाटन, बूंदी से हिण्डोली, बूंदी से तालेडा के लिए रोडवेज बस स्टेण्ड एवं बूंदी हायर सैकेण्डरी स्कूल में वाहन सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसी तरह नैनवां से बूंदी, हिण्डोली से बूंदी, केषवरायपाटन से बूंदी, इन्द्रगढ-लाखेरी-बूंदी, इन्द्रगढ से करवर, करवर से जैतपुर, तालेडा से बूंदी के लिए रोडवेज बस स्टेण्ड एवं संबंधित उपखण्ड/तहसील कार्यालय पर वाहन सुविधा उपलब्ध रहेगी।
अन्य जिलों के लिए यह रहेगी व्यवस्था
उन्होंने बताया कि अन्य जिलों के लिए व्यवस्था की गई है। इसके तहत भीलवाडा, कोटा, टोंक, अजमेर, चित्तौडगढ, जयपुर जिलों को जाने वाले परीक्षार्थियों के लिए रोडवेज बस स्टेण्ड बूंदी एंव हायर सैकेण्डी स्कूल बूंदी में वाहन उपलब्ध रहेंगे।
परीक्षा के बाद गंतव्य तक छोड़ने जाएंगे निशुल्क वाहन
बूंदी जिले में अन्य जिलों से आए परीक्षार्थियों को परीक्षा सम्पन्न होने के बाद उनके स्वयं के जिलों में जाने हेतु यात्रा को सुगम बनाने के लिए 26 सितंबर को दोपहर 2 बजे से रोडवेज बसें एवं अधिग्रहण कर निजी बसें व टैक्सी तैनात की जाएगी।
जिला परिवहन अधिकारी भगवान कर्मचंदानी ने बताया कि 26 सितंबर को भीलवाडा के लिए 10 रोडवेज, 10 निजी, टोंक के लिए 5 रोडवेज, 3 निजी, अजमेर के लिए 4 रोडवेज व 3 निजी, चित्तौडगढ के लिए 2 निजी, सवाईमाधोपुर के लिए 5 रोडवेज व 5 निजी, जयपुर के लिए 9 रोडवेज व 2 निजी, कोटा के लिए 5 रोडवेज बसें रोडवेज बस स्टेण्ड तथा हायर सैकेण्डरी स्कूल बूंदी में उपलब्ध रहेंगी।
इसी तरह नैनवां से सवाईमाधोपुर के लिए एक रोडवेज, तीन निजी, टोंक के लिए एक रोडवेज, 2 निजी बसें संबंधित उपखण्ड कार्यालय, तहसील कार्यालय व रोडवेज बस स्टेण्ड पर, हिण्डोली से टोंक-जयपुर के लिए एक रोडवेज, 2 निजी, भीलवाडा के लिए एक रोडवेज व दो निजी संबंधित उपखण्ड कार्यालय, तहसील कार्यालय व रोडवेज बस स्टेण्ड पर, केषवरायपाटन से कोटा के लिए 2 निजी, जयपुर के लिए एक रोडवेज, दो निजी, सवाईमाधोपुर के लिए एक निजी संबंधित उपखण्ड कार्यालय, तहसील कार्यालय व रोडवेज बस स्टेण्ड पर, इन्द्रगढ से सवाईमाधोपुर के लिए 2 रोडवेज व 2 निजी बसें संबंधित उपखण्ड कार्यालय, तहसील कार्यालय व रोडवेज बस स्टेण्ड पर उपलब्ध रहेंगी।
रीट-2021 परीक्षा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित
राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट)-2021 का आयोजन दो पारियों में 26 सितम्बर किया जाएगा। परीक्षा को मध्यनजर रखते हुए परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों एवं परीक्षा से संबंधित कर्मचारियों को आने वाली समस्याओं के निस्तारण, अन्य जानकारी प्रदान करने के लिए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बूंदी में जिला स्तरीय हेल्प डेस्क स्थापित की है।
जिला स्तरीय हेल्प डेस्क के प्रभावी संचालन के लिए महिला अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक भैरूलाल नागर (मोबाईल नम्बर 8112257623) को प्रभारी नियुक्त किया है। यह हेल्प डेस्क तीन पारियों में 24 घंटे क्रियाषील रहेगा। प्रभारी अधिकारी एवं जिला स्तरीय हेल्प डेस्क में नियुक्त कार्मिकों को निर्देशानुसार गतिविधियां संचालित करते हुए परीक्षार्थियों एवं परीक्षा से संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक सूचना उपलब्ध कराऐंगे।