संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
जिला शांति समिति की बैठक बुधवार को जिला कलक्टर रेणु जयपाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव भी मौजूद रहे। बैठक में होली, धुलंडी और शब ए बरात पर्व शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। सभी सदस्यों ने बूंदी की सौहार्द की परम्परा को कायम रखते हुए मेल मिलाप के साथ त्यौहार मनाने की प्रतिबद्वता व्यक्त की।
जिला कलक्टर ने कहा कि बूंदी में सभी पर्व इत्यादि शांति एवं भाईचारे के साथ मनाए जाते रहे हैं। इसी भावना को बनाए रखते हुए धुलंडी और शब ए बारात मनाए जाएं। बड़ा दिल रखते हुए छोटी छोटी बातों को तूल नहीं दिया जाए। समिति सदस्यों से अनुरोध किया कि वे अपने प्रतिनिधित्व वाले समूह में संदेश दें कि पर्व शांति और शालीनता के साथ मनाए जाएं।
जिला कलक्टर ने आबकारी अधिकारी को रात 8 बजे शराब ठेकों को बंद कराने,वहां एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब नहीं पीने के लिए पाबंद करने के निर्देश दिए। नगर परिषद आयुक्त को सफाई व्यवस्था में सुधार, कब्रिस्तान परिसर में सुअरों के विचरण को रोकने, अवैध मांस की दुकानों को बंद कराने, अतिक्रमियों के खिलाफ कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक जय यादव ने कहा कि धुलंडी और शब ए बारात पर माकूल पुलिस व्यवस्थाएं रहेंगी। कहीं पर समस्या आए तो पुलिस को सूचित करें। शांति समिति सदस्य अपने समूहों में शांति और सद्भाव के साथ त्यौहार मनाने का संदेश दें। उन्होंने कहा कि शराब के ठेकों के बाहर या सार्वजनिक स्थलों पर शराब नहीं पीने का संदेश दिया जाए। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर घूमने वालों का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट कर कार्रवाई की जाएगी।
समिति सदस्यों ने शराब की दुकानें अनिवार्यत रूप रात्रि 8 बजे बंद कराए जाने, अवैध मांस की दुकानों को बंद कराने, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण इत्यादि की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।
यह रहे मौजूद -
बैठक में एडीएम यू खान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरी लाल,उपखण्ड अधिकारी कमल कुमार, तहसीलदार अर्जुन लाल मीणा,कोतवाल सहदेव सिंह ,एसएचओ सदर अरविंद भारद्वाज,सरपंच बडौदिया राधेश्याम गुप्ता, रामेश्वर मीणा, शहर काजी मौलाना गुलामे गौस, मनीष मेवाड़ा, अध्यक्ष व्यापार महासंघ निरंजन जिन्दल, मेहफूज अली, मौलाना असलम, पूर्व उपसभापति सन्तोष कटारा, मीडिया प्रभारी शहर काजी शाहरूख अत्तारी, नायब शहर काजी नूर मोहम्मद कादरी, खेमराज सैनी, पीताम्बर शर्मा, अंसारी, नन्दी सोनी, ईद मिलादुन्नबी अध्यक्ष मेहबुब शेरवानी, मुकुट, महबूब शेरवानी, हरीश कुमार बिलोची शर्मा, अक्षय जैन, नरेन्द्र सेन, मनोज कुमार शर्मा, चमत्कार सिंह नमाना, सदर जमीतपुरा गफ्फार, सरपंच जमीतपुरा बाबुदीन एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।