गणतंत्र दिवस समारोह गरिमा पूर्ण तरीके से मनाएं - जिला कलक्टर
कोटा 4 जनवरी। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी जिला स्तरीय समारोह के आयोजन को लेकर गुरुवार को जिला कलक्टर एमपी मीना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि गणतंत्र दिवस समारोह हर्षाेल्लास के साथ गरिमा पूर्ण तरीके से आयोजित किया जाए। सभी कार्यक्रम स्तरीय हों और इनमें अधिक से अधिक जन भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने समारोह में किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तार से जानकारी ली और अधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की।
उन्होंने निर्देश दिए की सभी आयोजन सुव्यवस्थित और सुनियोजित तरीके से किए जाएं। उन्होंने समारोह स्थल पर स्वच्छता, रखरखाव, बिजली, पानी, बैठक व्यवस्था, आयोजन से पूर्व रिहर्सल की व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रम का सुंदर आयोजन सुनिश्चित किया जाए जिसमें विभिन्न विद्यालयों की भागीदारी रहे।
अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा ने बताया कि मुख्य समारोह महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। प्रातः 9ः05 बजे शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पण, 9ः15 बजे मुख्य अतिथि आगमन, ध्वजारोहण एवं परेड निरीक्षण किया जाएगा। समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों एवं युद्ध सैनिक, वीरांगनाओं का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को पारितोषिक वितरण, सामूहिक नृत्य, बैंड प्रदर्शन एवं सामूहिक गान एवं नृत्य का प्रदर्शन किया जाएगा। दोपहर में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के मध्य क्रिकेट मैच का आयोजन जेके पेवेलियन स्टेडियम में किया जाएगा। पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन श्रीनाथपुरम यूआईटी ऑडिटोरियम में 6ः30 बजे से किया जाएगा। विभिन्न विभागों में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले कार्मिकों को सम्मानित करने के प्रस्ताव 15 जनवरी तक आवश्यक रूप से भिजवाए जाएं।
बैठक में अतिरिक्त कलक्टर प्रशासन राजकुमार सिंह, आयुक्त नगर निगम उत्तर अनुराग भार्गव, दक्षिण सरिता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।