सहरिया जनजाति परिवारों के सर्वांगीण विकास की दिशा में केंद्र सरकार
-पीएम जनमन योजना के लक्ष्यों को समयबद्धता में करें पूर्ण - जिला कलक्टर
बारां, 29 दिसंबर। जिले में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान (पीएम जनमन) योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में पूरा करने के संबंध में जिला कलक्टर नरेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में वीसी के माध्यम से शुक्रवार को जिले के संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिला कलक्टर ने कहा कि पीएम जनमन योजना में जिले के सहरिया जनजाति परिवारों के सर्वांगीण विकास की दिशा में केंद्र सरकार की एक महती योजना है। योजना के तहत निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए सभी विभागों को एक साथ मिलकर कार्य करने की आवश्यकता है, तभी योजना के लक्ष्यों को पूर्णता से प्राप्त किया जाना संभव होगा। इसके लिए प्रत्येक पीवीटीजी का सर्वे किया जा रहा है, ताकि उस क्षेत्र विशेष में संबंधित सुविधाओं को पहुंचाया जा सके।
जिला कलक्टर ने सभी अधिकारियों को पीएम जनमन योजना के निर्धारित लक्ष्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए समय-सीमा में काम करने के लिए दिशा निर्देश दिए हैं, कहा किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। एडीएम एस एन आमेटा ने बताया कि पीएम जनमन योजना के तहत 9 केन्द्रीय मंत्रालयों के माध्यम से 11 महत्वपूर्ण गतिविधियों का क्रियान्वयन किया जाना है। इन गतिविधियों में पक्के घर का प्रावधान, पक्की सड़क, नल से जल-समुदाय आधारित पेयजल, छात्रावासों का निर्माण, मोबाइल मेडिकल यूनिट, आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से पोषण, बहुउद्देशीय केन्द्रों का निर्माण, घरों का विद्युतीकरण (ग्रिड तथा सोलर पावर के माध्यम से), इंटरनेट तथा मोबाइल सर्विस की उपलब्धता और आजीविका संवर्धन हेतु कौशल विकास शामिल हैं। इस योजना का मुख्य लक्ष्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों का संपूर्ण विकास करना है। इन सभी गतिविधियों का क्रियान्वयन मिशन मोड में तीन वर्ष की अवधि में पूर्ण कर सभी बसाहटों को आवश्यकतानुसार अधोसरंचनात्मक रूप से सुदृढ़ बनाना है। वीसी के माध्यम से जिला परिषद सीईओ कृष्णा शुक्ला व जिले के सभी अधिकारी उपस्थित रहे।