Chandigarh Video Leaked: यूनिवर्सिटी बंद, 3 गिरफ्तारियां, तीन सदस्यीय महिला विशेष जांच दल गठित

जयपुर। अपने गर्ल्स हॉस्टल से आपत्तिजनक वीडियो के कथित लीक पर कार्रवाई की मांग को लेकर छात्रों के भारी विरोध के बाद चंडीगढ़ विश्वविद्यालय प्रशासन ने आज गर्ल्स हॉस्टल वार्डन राजविंदर कौर को छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोप में निलंबित कर दिया। यूनिवर्सिटी को भी शनिवार तक छात्रों के लिए बंद कर दिया गया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी गुरप्रीत देव की निगरानी में तीन सदस्यीय महिला विशेष जांच दल भी इस घटना की जांच के लिए गठित किया गया है। शांति की अपील करते हुए और लोगों से सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने का आग्रह करते हुए, एक वीडियो में शीर्ष पुलिस अधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी संबंधित लोगों की गोपनीयता और गरिमा का सम्मान किया जाएगा।

बता दें कि हॉस्टल वार्डन का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें गिरफ्तार की गई लड़की से वह बात करती हुई दिखाई दे रही है। लडकी पर कथित तौर पर यूनिवर्सिटी के बाहर किसी युवक को वीडियो भेजने का आरोप है। वार्डन पर आरोप है कि उसने मामले की सुचना पुलिस को नहीं दी। और जब छात्राओं ने विरोध शुरू किया तो उसने कथित तौर पर छात्राओं को डांटा भी। इसलिए वार्डन को भी निलंबित कर दिया गया है।

इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शिमला निवासी आरोपी लड़की और उसके प्रेमी को छात्रों के भारी विरोध के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। तेईस साल का सनी मेहता एक ट्रैवल एजेंसी में काम करता है। एक दूसरे व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है, जो एक बेकरी में काम करता है। उनकी भूमिका अभी स्पष्ट नहीं है।

जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का आश्वासन दिए जाने के बाद छात्रों ने आज सुबह अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया।