जयपुर। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने यूपी बिहार भैया वाली टिप्पणी पर सफाई पेश करते हुए कहा है कि मेरे बयान को तोड़ मरोड़कर पेश किया गया है। सभी प्रवासी हमारे भाई हैं। जितना पंजाब हमारा है उतना ही यूपी, बिहार, राजस्थान और सभी जगह से आने वाले प्रवासी भाइयों का है।
वीडियो जारी कर दी सफाई
पंजाब मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने एक वीडियो जारी करके कहा कि, कल से मेरे एक बयान को तोड़ मरोडकर पेश किया जा रहा है। जितने भी प्रवासी आज तक पंजाब में आये हैं उन्होंने अपने खून पसीने से मेहनत कर पंजाब को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है। और उन्होंने हमेशा विकास के लिए काम किया है। सभी प्रवासियों से हमारा नौमास का रिश्ता है और प्यार है।
संजय सिंह, केजरीवाल जैसे लोगों के लिए दिया बयान
पंजाब मुख्यमंत्री वीडियो में कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि उन्होंने संजय सिंह, केजरीवाल जैसे लोगों के बारे में कहा है जो बहार से आकर खलल डालते हैं। केजरीवाल जैसे लोग पंजाब में आकर अराजकता फैलाते हैं। चन्नी ने कहा जो लोग राजस्थान, बिहार, यूपी से आकर पंजाब में काम करते हैं,उनका पंजाब उतना ही है जितना की हमारा। इसलिए मेरा सभी भाईयों से निवेदन है कि प्रवासी अपने आप को केजरीवाल, संजय सिंह जैसे लोगों से नहीं जोडें।
गौरतलब है कि 16 फरवरी को चरणजीत चन्नी ने एक चुनावी जनसभा में "यूपी और बिहार के भैया को पंजाब में प्रवेश न करने दें" वाला बयान दिया जिससे विवाद खड़ा हो गया था।