मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ठीकरदा आएंगे, प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में करेंगे शिरकत

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |


मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 17 नवंबर बुधवार को बूंदी आएंगे। मुख्यमंत्री हिंडोली उपखंड अंतर्गत ठीकरदा ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाले प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में शिरकत करेंगे।
जिला कलेक्टर रेणु जयपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत का दोपहर 12.30 बजे बूंदी के ठीकरदा में पहुंचने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री शिविर का निरीक्षण करेंगे तथा विभिन्न योजनाओं में लाभार्थियों को लाभान्वित करेंगे।
जिला कलेक्टर ने मंगलवार सायं मुख्यमंत्री के दौरे के दृष्टिगत ठीकरदा में आयोजन स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने मंच, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले काउंटर एवं हेलीपैड इत्यादि का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव, अतिरिक्त कलक्टर एयू खान, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मुरलीधर प्रतिहार, उपखंड अधिकारी हिंडोली मुकेश चौधरी एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।