जयपुर। चीन ने लद्दाख के विवादित क्षेत्र पेंगोंग झील के दूसरी तरफ पुल का निर्माण कर लिया है। भू-खुफिया विशेषज्ञ डेमियन साइमन द्वारा एक्सेस की गई सैटेलाइट इमेजरी से पता चला है कि चीन पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग झील के पार एक पुल का निर्माण कर रहा है। यह पुल झील के दोनों किनारों को जोड़ता है। इस पुल के माध्यम से चीन अपनी सेना को भारी हथियारों के साथ विवादित क्षेत्र में आसानी से भेज सकता है।
साइमन ने ट्वीट में लिखा PangongTso की मीडिया रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि झील के उत्तर और दक्षिण तट को जोड़ने वाला एक नया पुल निर्माणाधीन है, जिससे क्षेत्र में #चीन के सैनिकों के लिए सड़क संपर्क बढ़ रहा है।
बता दें कि पिछले साल, भारतीय सैनिक पैंगोंग झील के दक्षिणी तट पर प्रमुख कैलाश रेंज के ऊपर चले गए थे, जिससे इस क्षेत्र में चीन ने अपनी सैनिकों की संख्या बढ़ा दी है। अब इस पुल के पूरा होने के साथ, चीन के पास विवादित क्षेत्र में अतिरिक्त सैनिकों को शामिल करने के लिए कई रास्ते होंगे। इस विवादित क्षेत्र में दोनों पक्षों के सैनिकों के बीच आमना-सामना हो चुका है।
2020 से, भारत और चीन के 50,000 से अधिक सैनिकों को पूर्वी लद्दाख में देपसांग के मैदानों से उत्तर की ओर और आगे दक्षिण में डेमचोक क्षेत्र में तैनात किया गया है। इससे पहले जून 2020 में, गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों में हिंसक झड़प हुई थी जिसमें 20 भारतीय सैनिक मारे गए थे। वहीं चीन के 40 से अधिक लोग मारे गये थे। तब से एक साल से अधिक समय बाद, पिछले साल जुलाई में, भारत और चीन संघर्ष स्थल से 2 किमी दूर जाने पर सहमत हुए। इसके बाद राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और चीन के विदेश मंत्री वांग यी के बीच बातचीत हुई।