जयपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चीन द्वारा पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग त्सो झील पर दूसरा पुल बनाने की रिपोर्ट के बाद केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राष्ट्र की रक्षा करने का आग्रह करते हुए कहा कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता पर कोई समझौता नहीं होना चाहिजए।
पैंगोंग झील पर पुल निर्माण के एक रिपोर्ट के बाद विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को कहा गया था कि वह स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मंत्रालय के इस बयान पर राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा , "चीन पैंगोंग पर पहला पुल बनाता है। तो भारत सरकार कहती है हम स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। चीन पैंगोंग पर दूसरा पुल बनाता है। भारत सरकार: हम स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। एक डरपोक और विनम्र प्रतिक्रिया से काम नहीं चलेगा। पीएम को राष्ट्र की रक्षा करनी चाहिए।" बता दें कि चीन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया को लेकर विपक्ष लगातार एनडीए सरकार पर हमलावर रहा है।
बता दें कि पैंगोंग त्सो सहित 2020 की गर्मियों में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तनाव बढ़ने के बाद, भारत और चीन ने क्षेत्र में तनाव को कम करने के लिए 15 दौर की बातचीत की है।