सचिन पायलट को 'निकम्मा' कहने पर सीएम गहलोत की सफाई, बोले 'बच्चा समझकर कह देता हूं '

जयपुर। राजस्थान सीएम अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के बीच अक्सर शब्द बाण चलते रहते हैं। मुख्यमंत्री गहलोत द्वारा सचिन पायलट के लिए इस्तेमाल किया गया 'निकम्मा' शब्द काफी चर्चा में रहा था। यह शब्द एक बार फिर गहलोत ने केंद्रीय गृहमंत्री गजेंद्र शेखावत के लिए इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज 'निकम्मा' शब्द के बारे में सफाई देते हुए कहा कि, मैं बच्चा समझ कर निकम्मा बोल देता हूं। यह बात कई बार प्यार से भी कही जाती है।

बता दें कि आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूर्वी नहर परियोजना को लेकर बिडला सभागर में एक बैठक का आयोजन किया। इस बैठक में कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहे लेकिन सचिन पायलट ने इस बैठक में भाग नहीं लिया जो कि चर्चा का विषय बना रहा। इस बैठक के दौरान उन्होंने कहा ​था कि 'जब दो बच्चे झगड़ा करते हैं तो एक पड़ोसी दूसरे से कहता है कि पता नहीं क्या कर दिया? यह 'निकम्मा' है… 'नाकारा' है, मैं अभी बुलाकर डाटता हूं। अपने बच्चे के लिए यही तो कहते हैं, वही बात मैं कहता हूं, यह 'निकम्मा' है… 'नकारा' है, इसका मतलब यह अभी बच्चा है, इसने गलती कर दी होगी, मैं इसे डांटता हूं। गहलोत ने कहा कि अब मैं प्रेम से भी यह बात कहता हूं तो कई लोग बुरा मान जाते हैं।

याद दिला दें कि कुछ दिनों पहले टोंक में सचिन पायलट ने गहलोत को लेकर कहा कि वे उन्हें पिता तुल्य मानते हैं, वे बुजुर्ग हैं कुछ भी कह देते हैं मैं उनकी बातों का बुरा नहीं मानता।