दलित बच्चे की मौत से आहत कांग्रेस विधायक पानाचंद मेघवाल ने सीएम गहलोत को भेजा इस्तीफा

जयपुर। जालोर में दलित बच्चे की मौत से आहत हुए बारां विधायक पानाचंद मेघवाल ने सीएम अशोक गहलोत को अपना इस्तीफा भेज दिया है। मेघवाल ने कहा कि दलित नहीं है।

पानाचंद मेघवाल ने अपने इस्तीफे में कहा है कि देश आजादी के 75 वर्ष पूरे कर चुका है ओर देशभर में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है लेकिन आजादी के 75 साल बाद भी प्रदेश में दलितों और वंचितों पर हो रहे अत्याचारों से मेरा मन आहत है। मेघवाल ने अगो लिखा कि मेरा समाज जिस तरह की यातनायें सह रहा है उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

उन्होनें लिखा कि प्रदेश में मटकों से पानी पानी और मूछें रखने वालों दलितों की हत्याएं की जा रही है। और जांच के नाम पर फाइलें इधर उधर ही भटक रही हैं। न्याय नहीं मिल रहा है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर ने संविधान में दलितों और वंचितों के लिये जिस समानता के अधिकार का प्रावधान किया था उसकी रक्षा करने वाला कोई नहीं है। जब हम हमारे समाज के अधिकारों की रक्षा करने और उन्हें न्याय दिलाने में नाकाम होने लगें तो हमें पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। अतः मैं मेरी अंतरआत्मा की आवाज पर विधायक पद से इस्तीफा देता हूं।