कांग्रेस का तीन दिवसीय चिंतन शिविर आज से शुरू, लिये जा सकते हैं चौकानें वाले फैसले

जयपुर। देश में फिर से सत्ता कैसे हासिल की जाये इसी बात को मद्देनजर रखते हुए कांग्रेस का विशाल चिंतन शिविर आज से उदयपुर में शुरू हो रहा है। इस शिविर में कांग्रेस पार्टी कई चौकानें वाले निर्णय भी ले सकती हैं। शिविर के लिए शुक्रवार सुबह राहुल गांधी ट्रेन से उदयपुर पहुंच चुके हैं। यहां कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी सुबह आठ बजे प्लेन से उदयपुर पहुंची हैं।

राहुल के स्वागत में पायलट, गहलोत दिखे साथ
राहुल गांधी के उदयपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने पर उनके स्वागत के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और मुख्यमंत्री गहलोत एक साथ नजर आये। सचिन पायलट ने सोशल मीडिया पर तस्वीर पोस्ट जिसमें वे राहुल गांधी का स्वागत करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

15 मई तक तीन दिन चलने वाले इस शिविर में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के तमाम बड़े नेता शामिल होंगे। शिविर में लगभग 600 कांग्रेस के नेता भाग लेने वाले हैं। तीन दिन चलने वाले इस शिविर में देश की सबसे पुरानी पार्टी का भविष्य तय होगा। कांग्रेस से जुड़े विश्वस्त सूत्र बताते हैं कि यह शिविर अब तक हुए आम शिविरों की तरह नहीं है।

कांग्रेस ने पिछले कुछ वर्षों में अपने प्रदर्शन को देखते माना जा रहा है कि इस शिविर में कई बड़े अहम चौंकाने वाले निर्णय हो सकते हैं। और ये बदलाव संगठन से लेकर नेतृत्व तक हो सकते हैं। शिविर में कुछ इस तरह के कड़े निर्णय भी लिए जा सकते हैं जिससे शायद कांग्रेस में सभी खुश ना हो।