जयपुर। हाल ही में उदयपुर में संपन्न हुए कांग्रेस के चिंतन शिविर में पार्टी नेताओं बदलाव को लेकर जो नियम बनाये हैं उनको लेकर कांग्रेस पार्टी में विरोध भी शुरू हो चुका है। राजस्थान सरकार में खाद्य व आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा राजनीति में उम्र कोई मायने नहीं रखती है, मायने रखता है तो लोकप्रियता, सीनियरिट और अनुभव।
पार्टी में 50 प्रतिशत युवाओं को मौका देने के सवाल पर खाचरियावास ने कहा कि युवाओं को गलतफहमी नहीं होनी चाहिए की हम ही फिट यह फिर हम ही अच्छा काम कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आप प्रधानमंत्री की ही उम्र देख लिजिए। उम्र की बात करना अपनी कमजोरी को छिपाना है।
जिसमें दम होगा वही आयेगा
खाचरियावास ने खुलकर कहा कि जिसमें दम होगा, लोगों के बीच काम करेगा वहीं आयेगा। उन्होंने कहा कि राजनीति एक खुला मैदान है। चाहे वो कांग्रेस पार्टी हो या बीजेपी पार्टी। डिजर्व करेगा वो आएगा। जिसमें दम होगा वो धरती फाड़ कर आ जाएगा। दीवार तोड़कर आ जाएगा।
खाचरियावास ने कहा कि अगर किसी को इस कारण टिकट नहीं दिया जाये कि वह राजनैतिक परिवार से आता है तो कल के लिए समस्या खडी हो जायेगी। राजनीति में डिजर्वनेस और फिटनेस दो बातें महत्वपूर्ण हैं। जो पब्लिक में पॉपुलर हो। जिसे लोग पसंद करते हों। जो जनता के बीच खड़े होकर खून पसीना बहा सकता हो। काम कर सकता हो। उसको आगे आना चाहिए। खाचरियावास ने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर उम्र देखकर काम किया जायेगा तो हम रिजल्ट नहीं दे पायेंगे।