दौसा न्यूज। दौसा जिले के आलूदा ग्राम पंचायत के पुरानी कोठी वाले गणेश दास के स्थान पर मंगलवार को एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिलने से सनसनी फैल गई। शव की अब तक शिनाख्त नहीं की जा सकी है।
जानकारी के मुताबिक बैरवा ढाणी निवासी ग्यारसी लाल बैरवा मंगलवार सुबह लगभग 8:00 बजे गणेश दास कुटिया की तरफ जा रहा था। अचानक उसे पीपल के पेड़ पर लटका हुआ शव दिखाई दिया। जिसे देखकर ग्यारसी लाल बैरवा ने तुरंत स्थानीय सरपंचपति राम खिलाड़ी बैरवा को बताया। सरपंच पति ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी । नांगल राजावतान थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना अधिकारी राजेश मीणा यह शव की हालत को देखते हुए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया और पेड़ से लटके शव को स्थानीय लोगों की मदद से दौसा से आई एनडीआरएफ की टीम ने नीचे उतारा और उसे जिला अस्पताल ले गए। बताया जा रहा है कि मृतक का शव 1 सप्ताह से भी ज्यादा पुराना हो चुका है। मृतक के जेब से एक मोबाइल और ₹500 मिले हैं । शव इतना क्षत विक्षत हो गया की उसकी अभी तक शिनाख्त नहीं की जा सकी है।