दौसा। जिले के लालसोट तहसील में एक व्यापारी के साथ मारपीट की घटना को लेकर दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन किया जिसके एवज में बाजार बंद रहा। गणगौरी दरवाजा मैदान पर हो रहे अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को अतिक्रमण कारी महिला की ओर से व्यापारी सीताराम के साथ मारपीट की गई महिला ने व्यापारी सीताराम का सर फोड़ दिया। जिससे व्यापारियों में रोष बढ़ गया।
इस घटना के बाद शनिवार को लालसोट के बाजार को बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया और व्यापारियों ने पुलिस में एफ आई आर दर्ज करवा कर दोषी के खिलाफ जल्द से जल्द कार्रवाई करने की मांग की। घटना के बाद में नगर पालिका चेयरमैन रक्षा मिश्रा अधिशासी अधिकारी सीमा चौधरी पुलिस अधीक्षक अरविंद गोयल एवं तहसीलदार मदनलाल मीणा ने मौके पर पहुंचकर व्यापारियों के साथ बैठक की और उन्हें समझाने की कोशिश की।
चेयरमैन व अधिशासी अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया लेकिन व्यापार महासंघ के अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी सहित कई व्यापारी गणगौरी दरवाजा मैदान से अतिक्रमण को हटाने की मांग पर अड़े रहे थे। प्रशासन और व्यापारियों के बीच वार्ता विफल रही।
वहीं इस मामले के बाद डीएसपी अरविंद गोयल ने कहा कि व्यापारी का सर फोड़ने के मामले को लेकर पुलिस ने एफ आई आर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और जो लोग फेसबुक पर भड़काऊ पोस्ट डाल रहे हैं उस मामले की जानकारी करके दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी सीमा चौधरी ने कहा दरवाजा मैदान से अतिक्रमण हटाने का आश्वासन दिया है शहर में जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा