दौसा न्यूज । प्रदेश में अध्यापकों की छात्रों पर क्रूरता के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही मामला दौसा जिले के कैलाई राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में देखने को मिला है। जहां एक शिक्षक ने छात्र के साथ मारपीट की जिससे छात्र के बाएं हाथ की कोहनी में फैक्चर हो गया। मामले को लेकर कलेक्टर कमर जमान चौधरी ने डीईओ को जांच के आदेश दिए तथा विभाग द्वारा मामले की जांच को लेकर एक कमेटी गठित कर दी गई है। घटनाक्रम की पूरी जानकारी देते हुए छात्र रोहित महावर ने बताया कि वह पांचवी कक्षा का छात्र है और 6 अगस्त को शिक्षक रामेश्वर गुर्जर द्वारा उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। बर्बरता पूर्वक पिटाई करने पर उनकी बाएं हाथ की कोहनी में फैक्चर आ गया।
मामले में जांच कमेटी के सदस्य मोहनलाल का कहना है कि मामले की जांच रिपोर्ट तैयार कर अधिकारियों को भेज दी जाएगी तथा उच्च अधिकारियों द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी। बसवा डाइट प्रभारी बी एल नापित, सिकराया सीईओ मोहनलाल, ASBEO लक्ष्मी प्रसाद व कालाखो प्रधानाचार्य मदन लाल द्वारा मौके पर जाकर छात्र से पूछताछ की और उसके बयान दर्ज किए थे। पीड़ित पक्ष ने सिकंदरा थाने में मारपीट का मामला दर्ज कराया है।