जयपुर। दिल्ली में स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और कोचिंग संस्थान को खोलने की घोषणा कर दी गई है। 1 सितंबर से चरणबद्ध तरीके से स्कूल, कॉलेज खोले जायेंगें । स्कूल, कॉलेज, और कोचिंग संस्थान खोलने की घोषणा उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज की है। सिसोदिया ने कहा कि एक सितंबर से स्कूल नौवीं से 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए शारीरिक कक्षाएं शुरू करेंगे। इसके अलावा, कोचिंग संस्थानों के साथ-साथ कॉलेज और विश्वविद्यालय भी फिर से खुलेंगे। सिसोदिया ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों को फिर से खोलने पर विस्तृत दिशानिर्देश जल्द ही जारी किए जाएंगे।
सिसोदिया ने यह भी कहा कि छात्रों को कक्षाओं में भाग लेने के लिए माता-पिता या अभिभावकों की अनुमति की आवश्यकता होगी। जो लोग स्कूल आकर क्लास नहीं लेना चाहते वे ऑनलाइन क्लास ले सकते हैं। ऑनलाइन क्लास का विकल्प भी जारी रहेगा।
बता दें कि कोरोना के चलते दिल्ली में शैक्षणिक संस्थान 9 अप्रैल को बंद हो गए थे। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान लॉकडाउन किया गया था और स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और कोचिंग संस्थानों को बंद कर दिया गया था।
स्कूलों को फिर से खोलने का निर्णय दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में लिया गया। इस बैठक में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपराज्यपाल अनिल बैजल, एम्स के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया, नीति आयोग के सदस्य वीके पॉल सहित शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे थे। डीडीएमए की बैठक के बाद, विचार-विमर्श में शामिल एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया था कि कक्षा 6 से 8 सितंबर से फिर से शुरू होगी। हालांकि, सिसोदिया ने कहा कि कक्षा 9 से नीचे के छात्रों की कक्षाऐं दूसरे चरण के दौरान खोली चालू की जायेंगी।