शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
माटुंदा और बड़ानयागांव शिविर का निरीक्षण कर, पट्टे दिए, पालनहार, पेंशन का दिया लाभ
प्रशासन गांवों के संग अभियान के अंतर्गत मंगलवार को संभागीय आयुक्त के सी मीणा ने ग्राम पंचायत माटूंदा तथा बड़ा नयागांव में शिविर का निरीक्षण किया। संभागीय आयुक्त ने शिविरों का निरीक्षण कर शिविर की प्रगति जांची और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह शिविर ग्रामीणों को उनके ही क्षेत्र में पहुंचकर राहत देने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे हैं इसलिए इनमें विभिन्न विभाग अधिकाधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दें। प्राप्त आवेदनों का निस्तारण शिविर में ही करें ताकि ग्रामीण यहीं से राहत लेकर जाएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को बुलाकर शिविर में किए गए कार्यों की जानकारी ग्रामीणों के समक्ष देने के निर्देश दिए और कहा कि शिविर आरंभ होने पर सबसे पहले विभिन्न विभागों की ओर से ग्रामीणों के समक्ष प्रेजेंटेशन दिया जाए जिसमें विभिन्न योजनाओं और प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि शिविर भले ही देर तक चलाना पड़े लेकिन प्रकरणों का निस्तारण होना चाहिए। बड़ा नया गांव शिविर में उन्होंने क्षेत्र के शत प्रतिशत वरिष्ठ जनों को रोडवेज पास बनाने के निर्देश दिए। विद्युत समस्याओं का भी मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने ग्रामीणों से बात कर उनकी व्यक्तिगत एवं क्षेत्र की सार्वजनिक समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
अमन को मिली व्हीलचेयर
बड़ा नया गांव में 7 वर्षीय बालक अमन सैनी को व्हीलचेयर प्रदान की गई।इस पर उसके पिता ने सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे अब उनका बालक स्वयं चल फिर सकेगा अन्यथा उस को कहीं भी गोद में ले जाना पड़ता है।
पट्टे सौंपे, तो चेहरे खिले
संभागीय आयुक्त ने बड़ा नया गांव शिविर में आवास पट्टे सौंपे। पेंशन तथा दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।
बेटियों के लिए बजी तालियां
संभागीय आयुक्त ने शिक्षा विभाग में बालक तथा बालिकाओं के नामांकन की जानकारी ली। बालिकाओं का नामांकन अधिक पाए जाने पर संभागीय आयुक्त ने महिला शिक्षा की महत्ता बताते हुए ग्रामीणों से बेटियों को पढ़ाने और आगे बढ़ाने का आह्वान किया।उन्होंने पास बैठी जिला कलेक्टर रेणु जयपाल, सरपंच तथा विभिन्न विभागों की महिला कार्मिकों की ओर संकेत करते हुए कहा कि आज ये महिलाएं अपने परिवार का नाम रोशन कर रही हैं।आप भी अपनी बेटियों को इसी तरह आगे बढ़ाएं इस पर ग्रामीणों ने खूब तालियां बजाईं।
शिविर में पुलिस अधीक्षक शिवराज मीणा, उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी, तहसीलदार केसरी सिंह एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।