हिट एंड रन मामले में माता-पिता को खोने वाले बच्चों को जिला कलेक्टर ने दिलाया 'पालनहार' योजना का लाभ

हिट एंड रन मामले में माता-पिता को खोने वाले बच्चों को जिला कलेक्टर ने दिलाया 'पालनहार' योजना का लाभ

संवाददाता शिव कुमार शर्मा
कोटा राजस्थान

कोटा 14 जुलाई। जिला कलक्टर ओपी बुनकर ने गत 14 अप्रेल को हिट एण्ड रन मामले में अपने माता-पिता को खोने वाले 5 बच्चों को पालनहार योजना के तहत 10 हजार 500 रूपये की सहायत राशि स्वीकृत कर स्वीकृति पत्र प्रदान किया।

उप निदेशक सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग ओमप्रकाश तोषनीवाल ने बताया कि हिट एण्ड रन केस में अनाथ हुए बच्चों की दादी को पालनहार योजना के तहत 10 हजार 500 रूपये की स्वीकृति आदेश जिला कलक्टर ने प्रदान किये। उन्होंने बताया कि गत 14 अप्रेल को मोंटेसरी स्कूल नयापुरा के सामने फुटपाथ पर रह रहे दिनेश बागड़ी तथा उनकी पत्नि बीनू बाई का हिट एण्ड रन केस में निधन हो गया था।

उन्होंने बताया कि दम्पति के 5 बच्चों में से 3 बच्चों प्रवीण, राकेश, अर्जुन को 2500 रूपये प्रतिमाह व दो बच्चों घींसी एवं आकाश को 1500 रूपये प्रतिमाह पालनहार योजना के तहत स्वीकृत कर उनकी दादी केलीबाई को स्वीकृति आदेश प्रदान किए। उन्होंने बताया कि दादी श्रीमति केलीबाई बच्चों की पालनहार है, उनके बैंक खाते में प्रतिमाह कुल राशि 10 हजार 500 रूपये इन 5 बच्चों के लालन-पालन के लिए भुगतान की जायेगी। उन्होंने बताया कि पालनहार योजना के तहत इन बच्चों के 18 वर्ष के होने तक राशि जमा करवायी जाएगी।