जिला कलेक्टर ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा, अभियान के दौरान प्रगति बढ़ाने के दिए निर्देश

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |

जिला कलेक्टर रेनू जयपाल ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशासन गांव के संग , प्रशासन शहरों के संग अभियान तथा टीकाकरण कार्य की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने प्रशासन शहरों के संग अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिविरों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ देकर प्रगति बढ़ाई जाए । संबंधित अधिकारी शिविर आयोजन के दौरान सघन मॉनिटरिंग करें और आमजन को इनका लाभ दिलाए।
इंदरगढ़ ईओ की चार्जशीट तैयार करने के निर्देश
जिला कलेक्टर ने अभियान के दौरान न्यून प्रगति को गंभीरता से लेते हुए उपखंड अधिकारी लाखेरी को इंदरगढ़ के अधिशासी अधिकारी की चार्जशीट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि आगे भी शिविरों की प्रगति कम रहने पर कार्यमुक्त करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी । अभियान के दौरान किसी भी तरह की शिथिलता लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नगर पालिका कापरेन एवं केशोरायपाटन के अधिशासी अधिकारी को शिविरों की प्रगति और अधिक बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
जिला कलेक्टर ने इसके बाद प्रशासन गांव के संग अभियान की प्रगति की समीक्षा की । उन्होंने उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में गैर खातेदारी से खातेदारी के प्रकरण, बंटवारे के प्रकरण, सीमा ज्ञान, पत्थर गढ़ी एवं नए राजस्व गांवों के प्रस्ताव में विशेष प्रगति लाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गैर खातेदारी से खातेदारी के प्रकरणों में कम प्रगति रहने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राज्य सरकार की मंशा अनुरूप अपेक्षित प्रगति लाई जाए। उन्होंने बैठक में डीआर कोऑपरेटिव रोडवेज प्रबंधक एवं श्रम कल्याण अधिकारी की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए तीनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण कार्य की समीक्षा करते हुए सभी उपखंड अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि आईसीडीएस एवं चिकित्सा विभाग के कार्मिकों को शिविर के दौरान घर घर भिजवा कर टीकाकरण करवाया जाए। इसके अलावा मोबाइल टीम लगवा कर भी शत प्रतिशत वैक्सीनेशन करवाया जाए।