संवादाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
जिला कलक्टर रेणू जयपाल ने शुक्रवार को ग्राम अल्कोदिया में स्थित पॉली हाउस का अवलोकन किया। पॉलीहाउस में किस प्रकार खेती की जाती है, कौनसी फसलें ली जाती हैं तथा किस प्रकार के उर्वरक दिए जाते हैं,ं इस बारे में जिला कलक्टर ने विस्तार से जानकारी ली। जिला कलक्टर ने वहॉं उपस्थित किसानों को खेती में ज्यादा से ज्यादा तकनीकी अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सहायक निदेशक उद्यानिकी आरपी मीणा ने बताया कि पॉलीहाउस पर उद्यान विभाग से राष्ट्रीय बागवानी मिशन तथा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के अन्तर्गत अनुदान दिया जाता है।
पॉलीहाउस में कृषक मौसम के विपरीत परिस्थितियों में फसले प्राप्त कर कम भूमि में अधिक उत्पादन कर अच्छा लाभ प्राप्त कर सकता है। पॉलीहाउस में संरक्षित खेती के द्वारा किसान सामान्य खेती से लगभग 4 से 6 गुना अधिक उत्पादन प्राप्त कर सकता है।
कृषक लक्ष्मीचन्द लोधा ने 2 हजार वर्ग मीटर (1.25 बीघा) के पॉलीहाउस में एक फसल में 42 टन खीरा की फसल का उत्पादन कर लगभग 8 लाख रूपये की आय प्राप्त की है।
इस अवसर पर सहायक निदेशक उद्यान रामप्रसाद मीणा, कृषि अधिकारी राजेन्द्र मीणा व कृषि पर्यवेक्षक हेमराज मीणा तथा कृषको में लक्ष्मीचन्द लोधा, मेघराज लोधा, दीपक दाधीच व अन्य कई कृषक मौजूद रहें।