जिला कलेक्टर शरद मेहरा ने सुनी लोगों की समस्याएं - उपखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित

डीग, जिला कलेक्टर डीग शरद मेहरा द्वारा गुरुवार को कुम्हेर में उपखंड स्तरीय जनसुनवाई की गई । इस दौरान जिला कलेक्टर ने जनसुनवाई में आए लोगों की समस्याएं पूछी और संबंधित अधिकारियों को उनका समय पर निस्तारण करने के समुचित दिशा निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभाग के लम्बित प्रकरणों का यथाशीघ्र निस्तारण करायें। जिला कलक्टर ने जनसुनवाई में आए हुए व्यक्तियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली और समयबद्ध तरीके से उसका निस्तारण करवाने का आश्वासन दिया । उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, पीएचईडी विभाग, पीडब्ल्यूडी विभाग और चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को विशेष तौर से निर्देशित किया कि वह अपने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के प्रति सजग रहे और आमजन की समस्याओं को समझते हुए उनका निस्तारण करवाएं।

उन्होंने चंबल के पानी के आपूर्ति के संबंध में पीएचईडी विभाग को निर्देशित किया कि वह इस समस्या की समीक्षा करे और आमजन को राहत पहुंचाए । इस दौरान जिला कलक्टर ने उपखण्ड मुख्यालय के अधिकारियों द्वारा प्रकरण निस्तारण की प्रक्रिया देखते हुए निर्देशित किया कि राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण एवं पारदर्शी सुशासन की मंशा से ग्राम पंचायत, पंचायत समिति तथा जिला स्तर पर जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इनके माध्यम से समस्याओं को त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करते हुए आमजन को राहत दी जाये । इस अवसर पर जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र परमार, नगर परिषद कमिश्नर नरसी लाल मीणा, पीडब्ल्यूडी एक्सइन रूपेश, जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।