Baran : जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बारां कोटा संभाग
बारां, 16 फरवरी। जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में जिला स्तरीय जनसुनवाई विडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राजीव गांधी सेवा केन्द्र कलेक्ट्रेट के आईटी कक्ष में आयोजित हुई। जनसुनवाई में मुख्य सचिव उषा शर्मा एवं जिला प्रभारी सचिव उर्मिला राजोरिया विडियों कॉन्फ्रेंस के माध्यम से शामिल रही। जनसुनवाई के दौरान, एनएफएसए, अतिक्रमण, जनाधार वेरिफिकेशन, पेंशन प्रकरण का निस्तारण, सहायता राशि दिलवाने सहित विभिन्न जनसमस्याओं की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए माह के प्रत्येक गुरूवार को क्रमशः ग्राम पंचायत, उपखंड एवं जिला स्तरीय जनसुनवाई की त्रिस्तरीय व्यवस्था की गई है। जिला स्तर पर प्रत्येक तीसरे गुरुवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाता है, आमजन जनसुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रख सकते हैं, जिनके त्वरित निस्तारण के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। बारां जिला जनसमस्याओं के निस्तारण के मामले में प्रदेश में सदैव अग्रणी रहा है। जनसुनवाई के दौरान 52 प्रकरणों की सुनवाई कर संबंधित विभागों को राहत प्रदान करने के निर्देष दिए गए।
जनसुनवाई में जिला कलक्टर ने बताया कि बैंकिंग विभाग की ओर से जिले की प्रत्येक पंचायत स्तर पर हर शनिवार को 15 फरवरी से 15 अगस्त तक 6 माह का कैंप आयोजित किया जा रहा है। इस कैंप में खाता खोलने, पीएम जीवन ज्योति योजना एनरोलमेंट, अटल पेंशन योजना एवं ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग की जानकारी व ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर जागरुकता संबंधी कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर एडीएम एसएन आमेटा, सीईओ जिला परिषद कृष्णा शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण, विडियो कान्फ्रेन्स द्वारा समस्त एसडीएम, तहसीलदार, विकास अधिकारी, स्थानीय निकायों के अधिकारी मौजूद रहे।