कश्मीर के बारामूला में मुठभेड़, सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को किया ढेर

जयपुर। कश्मीर के बारामूला में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ में आज सुरक्षाबलों ने 2 आतंकवादियों को मर गिराया। कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने कहा कि शुक्रवार की तड़के बारामूला में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ के बाद प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े दो आतंकवादी मारे गए। मुठभेड़ बारामूला के येदिपोरा, पट्टन इलाके में हुई।

कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट करके जानकारी दी की "बारामूला एनकाउंटर में 2 आतंकवादियों को मार गिराया है। दोनों स्थानीय आतंकवादी प्रतिबंधित #terror संगठन JeM से जुड़े हैं। सर्च ऑपरेशन जारी है। इससे पहले आज शोपियां जिले के चित्रगाम इलाके में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच एक और मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस ने कहा कि मंगलवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ भारतीय सेना के ऑपरेशन में कुलगाम जिले के अवहोटू गांव में दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ स्थल की तलाशी में दो एके सीरीज राइफलें, ग्रेनेड और अन्य जंगी सामान बरामद किए गए। पुलिस ने मारे गए आतंकियों की पहचान कुलगाम के टाकिया निवासी मोहम्मद शफी गनी और मोहम्मद आसिफ वानी के रूप में की है। दोनों आतंकी जैश-ए-मोहम्मद के सदस्य थे।

आतंकवादियों की सुचना मिलते ही सेना ने घरों को घेर लिया। संदिग्ध स्थान पर आतंकवादियों की मौजूदगी की पुष्टि होने पर नागरिकों को घेराबंदी से सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया। सेना की इकाई ने बार-बार आतंकियों से आत्मसमर्पण के लिए कहा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। टारगेट हाउस की तलाशी के दौरान आतंकियों ने घेराबंदी तोड़ने के लिए अंधाधुंध फायरिंग की। सैनिकों ने प्रभावी गोलाबारी से जवाबी कार्रवाई की, उनके भागने के प्रयास को विफल कर दिया और एक आतंकवादी को मार गिराया।