राजस्थान में सब ठीक है, परसों रात पायलट मेरे घर आए, कॉफी पी-गप्पे ठोके: प्रतापसिंह खाचरियावास

जयपुर। राजस्थान में चल रही सियासी गर्मी के बीच कल एक ऐसी तस्वीर सामने आयी जिसने सबको चौंका​ दिया। दरअसल हुआ ऐसा कि स​चिन पायलट पर लगातार हमलावार रहे मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास के आवास पर खुद सचिन पायलट पहुंच गये। जिसके बाद राजनैतिक गलियारों में एक नई बहस को जन्म दे दिया। आखिर इस मुलाकात के मायने क्या रहे होंगे।
आज प्रतापसिंह खाचरियावास मीडिया से रूबरू हुए और उन्होनें कुछ इस प्रकार के बयान दिये। गहलोत सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने बड़ा बयान देते हुए कहा- इस वक्त राजस्थान हॉट है। परसों रात को सचिन पायलट मेरे घर आए, उन्होंने काफी पी, गप्पे ठोके। उन्होंने कहा कि वे सिविल लाइंस में मेरे घर के बराबर पास ही में रहते हैं। और हमने मिलकर पहले बीजेपी के खिलाफ कई आंदोलन किये हैं। उन्होनें कहा कि वे मेरे घर पर आ गये तो मीडिया में यह खबर फैल गई कि सचिन मेरे घर पर क्यों आये, क्या कारण होगा ?…क्या बातें हुई होंगी..? उन्होनें कहा कि अब मैं क्या बताऊं, सब बातें बताने की होती हैं क्या ? सब बातें कभी नहीं बताईं जाती हैं। अब मैं भी समझने लगा हूँ। कुछ बातें अंदर भी रहनी चाहिए। वो ठीक रहता है।

प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा राजस्थान में अब सब ठीक है। और सचिन पायलट मेरे घर पर आये जिससे माहौल शांत हुआ है। राजस्थान का माहौल अच्छा हुआ है। तो खुश होना चाहिए कि माहौल ठीक हुआ है। पायलट ने तो हमारी मुलाकात को लेकर एक शब्द भी नहीं बोला। मैंने ये कहा कि वो मेरे यहां आए, भजन-कीर्तन तो करेंगे नहीं, बात ही करेंगे। सब बात भी हुई है। उसके बाद मैं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से भी मिला। क्योंकि मैं उनके साथ मंत्री हूँ। हम एक परिवार में बैठे हैं।