फैक्ट चेकर जुबैर को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत, अंतरिम जमानत की अ​वधि बढाई लेकिन जेल में बंद रहेंगे

जयपुर। ऑल्ट न्यूज के सह-संस्थापक मोहम्मद जुबैर को सुप्रीम कोर्ट ने अतंरिम जमानत की अवधि बढाते हुए राहत दी है। जुबैर पर उत्तर प्रदेश के सीतापुर में दर्ज एक मामले में धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है।
हालाँकि, राहत सीतापुर मामले तक ही सीमित है और दिल्ली और यूपी के लखीमपुर में ऑल्ट न्यूज़ के सह-संस्थापक के खिलाफ कार्यवाही अप्रभावित रहेगी। इसका मतलब है कि वह अभी भी जेल में ही रहेगा।

उत्तर प्रदेश की एक अदालत द्वारा उन्हें 14 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद जुबैर के वकील कॉलिन गोंजाल्विस ने सुप्रीम कोर्ट की ओर रुख किया। जस्टिस इंदिरा बनर्जी और जस्टिस जेके माहेश्वरी की अवकाश पीठ के समक्ष पेश हुए, गोंजाल्विस ने तब तत्काल सुनवाई की मांग की थी, जिसके बाद अदालत ने जुबैर को पांच दिनों के लिए अंतरिम जमानत दे दी।

आज, यूपी पुलिस के वकील एसवी राजू ने जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और एएस बोपन्ना की सुप्रीम कोर्ट की बेंच से कहा कि वह जुबैर की याचिका पर एक काउंटर दायर करना चाहते हैं। अदालत ने तब यूपी पुलिस को चार सप्ताह में जवाब दाखिल करने के लिए कहा और फैक्ट-चेकर को दी गई अंतरिम जमानत को बढ़ा दिया। मामले में अगली सुनवाई सात सितंबर को है।

बता दें कि सीतापुर मामले में, पुलिस ने जुबैर पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया है और मई में एक ट्वीट का हवाला दिया जिसमें उन्होंने यति नरसिंहानंद सरस्वती, बजरंग मुनि और आनंद स्वरूप को "नफरत करने वाले" कहा - हिंदू नेताओं पर भड़काऊ भाषण देने का आरोप लगाया।