संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
जिला स्तरीय कृषि उत्पादन समिति की बैठक गुरूवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर एयू खान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति पर चर्चा की गई। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वन कर कृषकों को इनका पूरा लाभ दिया जाए। उन्होनें कहा कि कृषक प्रशिक्षण आयोजित कर किसानों को कृषि की नयी तकनीक एवं नवाचारों से अवगत कराया जाए।
उपनिदेशक कृषि (विस्तार) रमेश चन्द जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में रबी 2020-21 के अन्तर्गत 7947237 के बीमा क्लेम से 302 कृषकों को लाभान्वित किया गया। इसी तरह खरीफ 2021 में 506221 बीमा पॉलिसी कराई गई हैं जिसमें से 621055160 बीमा क्लेम से 203914 कृषकों को लाभान्वित किया गया है। रबी 2021-22 में 421633 पॉलिसियां की गई हैं। उपनिदेशक कृषि ने नमसा के अन्तर्गत भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की जानकारी दी साथ ही उर्वरक वितरण तथा आगामी सीजन के लिए मांग तथा उपलब्धता की जानकारी दी।
जिला हॉर्टीकल्चर डवलपमेन्ट सोसाईटी की बैठक भी हुई जिसमें सहायक निदेशक उद्यान विभाग रामप्रसाद मीणा ने वित्तीय वर्ष 2021-22 की कार्ययोजना का अनुमोदन कराया। विभागीय योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
डीडीएम नाबार्ड राजकुमार ने कहा कि परम्परागत कृषि के बजाय वैकल्पिक कृषि पद्वतियों, नवाचारों तथा आजीविका वृद्वि के दृष्टिगत किसानों को प्रशिक्षण दिलवाने चाहिए। बैठक में परियोजना निदेशक, आत्मा पांचूलाल, संयुक्त निदेशक, पशुपालन डॉ. कन्हैयालाल, एलडीएम, अक्षय कुमार शर्मा, अति. जिला शिक्षा अधिकारी, ओ.पी. गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।