अपराधियों में डर, आमजन में विश्वास सरकार की सबसे बडी प्राथमिकता-राज्य मंत्री हीरालाल नागर

कोटा 3 जनवरी। राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार हीरालाल नागर ने कहा है कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस पर चलेगी। प्रदेश को अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त करना है, अपराधियों में डर और आमजन में विश्वास पैदा करना सरकार की सबसे बडी प्राथमिकता रहेगी। वित्तीय प्रबंधन को सुदृढ़ कर राजस्थान को परम वैभव पर पहुंचाएंगे।


श्री हीरालाल नागर मंत्री पद की शपथ लेने के बाद पहली बार दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को कोटा पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि 100 दिन की कार्ययोजना को प्रभावी तरीके से पूरा कर लक्ष्य प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुनियोजित विकास, युवा और किसानों के संबलन, सिंचाई सुविधाओं के लिए कार्य किया जाएगा।

जिले की सीमा में प्रवेश करते ही उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। उनके समर्थक हर्षोल्लास के साथ गाजे-बाजे के बीच उन्हें उनके निवास तक लेकर गए। इस दौरान सर्किट हाउस पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया तथा समर्थकों द्वारा उनका स्वागत किया गया। माहेश्वरी रिसोर्ट, कुन्हाडी, नयापुरा चौराहा, सर्किट हाउस से लेकर निज निवास तक राज्य मंत्री का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, हरिकृष्ण बिरला, कृष्ण कुमार सोनी, अरविंद सिसोदिया एवं बडी संख्या में गणमान्य जन उपस्थित रहे।