जम्मू कश्मीर में मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने चार आतंकवादियों को ढेर किया

जयपुर। भारतीय सुरक्षाबलों ने जम्मू कश्मीर में रात भर चले तीन अलग-अलग अभियानों में चार आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया है। पुलिस की जानकारी के मुताबिक पुलवामा के चेवाकलां इलाके में मुठभेड़ के बाद पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के दो आतंकवादी मारे गए। उनमें से एक की पहचान पाकिस्तानी जैश कमांडर कमाल भाई के रूप में हुई है, जो 2018 से सक्रिय था।

पुलिस ने बताया कि इलाके में आतंकवाद निरोधी अभियान जारी है। वहीं जम्मू-कश्मीर के गांदरबल के सेरच इलाके में मुठभेड़ में पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) से जुड़ा एक और आतंकवादी मारा गया। हंदवाड़ा के रजवार इलाके के नेचामा में मुठभेड़ में लश्कर का एक आतंकवादी मारा गया है।

कश्मीर जोन पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुआ कहा, "हंदवाड़ा के नेचामा, रजवार इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है। पुलिस और सुरक्षा बल काम पर हैं। आगे की जानकारी का पालन किया जाएगा।
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को एक सरपंच की हत्या के बाद सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान जारी किया। आतंकियों ने निर्दलीय सरपंच शब्बीर अहमद मीर पर रात करीब 8 बजकर 50 मिनट पर अदौरा स्थित उनके आवास के पास गोलियां चलाईं। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने कहा कि सुरक्षा बलों ने शुक्रवार रात चार से पांच स्थानों पर संयुक्त अभियान चलाया, जिसमें जैश के दो आतंकवादी और लश्कर के दो आतंकवादी मारे गए। सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को भी जिंदा पकड़ा है। हंदवाड़ा और पुलवामा में मुठभेड़ खत्म हो गई है।