ग्राम पंचायत चोपड़ा में विशेष जनसुनवाई आयोजित, एसडीएम मासिंगाराम जांगिड़ के सानिध्य में विभिन्न विभागों ने मौके पर किया समस्याओं का समाधान
सोजत। ( मीठालाल पंवार )जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार शुक्रवार को ग्राम पंचायत चोपड़ा में विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में सोजत उपखंड के सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने पानी की सप्लाई, लीकेज, बिजली मीटर बदलने, पोल हस्तांतरण, नामांतरण, पेंशन योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं रखीं। प्राप्त प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पेंशन आवेदनकर्ताओं, मंगला पशु बीमा योजना एवं आपसी सहमति बंटवाड़ा के लाभार्थियों को मौके पर ही प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लंबित एवं चिन्हित कार्यों का निस्तारण भी किया गया।
समाज कल्याण विभाग ने पेंशन योजना में पात्र तीन व्यक्तियों के आवेदन कर पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत एक आवेदन स्वीकार किया। विद्युत विभाग ने ढीले तारों और क्षतिग्रस्त पोलों की मरम्मत, चार मीटर सुधार तथा एक बिल सुधार प्रकरण का निस्तारण किया। पीएचईडी विभाग ने 10 स्थानों पर लीकेज संबंधी समस्याओं का समाधान किया।
पशुपालन विभाग ने मंगला पशु बीमा योजना की 10 पॉलिसियों का वितरण किया तथा 30 नए आवेदन करवाए। साथ ही पशुओं का टीकाकरण भी किया गया। पंचायतीराज विभाग ने ई-केवाईसी, मनरेगा जॉब कार्ड, जन्म, मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्रों सहित कुल 43 आवेदनों का निस्तारण किया।
कृषि विभाग ने तारबंदी के चार आवेदन करवाए। शिक्षा विभाग ने सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत ऐसे विद्यार्थियों को चिन्हित किया जिनके जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र नहीं बने थे। इसके तहत राजस्व विभाग से 73 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र जारी करवाए गए।
राजस्व विभाग ने जमाबंदी सुधार के 11, नामांतरण के 3, आपसी सहमति के 7 तथा अविवादित तरमीम के 17 प्रकरणों का निस्तारण किया। वहीं मेडिकल विभाग ने शिविर में आए ग्रामीणों की प्राथमिक जांच कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।