सड़क सुरक्षा को लेकर पाली पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान
एसपी मोनिका सेन ने हेलमेट वितरण कर आमजन को किया जागरूक
पाली।मीठालाल पंवार सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक पाली आईपीएस मोनिका सेन के नेतृत्व में पाली पुलिस द्वारा विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले दोपहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया।
एसपी मोनिका सेन ने बताया कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे मजबूत कवच है। सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोटें मृत्यु या स्थायी विकलांगता का कारण बन सकती हैं। ऐसे में हेलमेट पहनना स्वयं एवं परिवार की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान 20 हेलमेट वितरित कर वाहन चालकों को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं भी यातायात नियमों की पालना करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करें।
इस अवसर पर आमजन को संदेश दिया गया कि वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनें, ट्रैफिक सिग्नल एवं यातायात नियमों की पालना करें, तेज गति एवं मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने से बचें तथा सीट बेल्ट और हेलमेट को आदत बनाएं, मजबूरी नहीं।
पाली पुलिस का उद्देश्य केवल नियमों की पालना करवाना नहीं, बल्कि “सड़क सुरक्षा—जीवन रक्षा” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और हर व्यक्ति सुरक्षित अपने घर पहुंच सके।
अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सेल जय सिंह, उप अधीक्षक पुलिस यातायात शाखा पाली सुघड़ सिंह एवं यातायात शाखा प्रभारी निरीक्षक पुलिस सुमेरदान उपस्थित रहे।