गौशाला प्रंबधनों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को दिया ज्ञापन

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |

जिले में संचालित विभिन्न गौशाला प्रबंधकों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री व गौपालन मंत्री, राजस्थान सरकार के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन देकर गौवंश के लिए तत्काल अनुदान राशि जारी करने की मांग की है।

संगठन के सरंक्षक हुकमचंद सोनी ने बताया कि वर्तमान में गौशालाओं को जनवरी से मार्च व अप्रेल से जून तक वर्ष में मात्र 2 बार ही प्रति बडे़ गौवंश 40 रूपये तथा प्रति छोटे गौवंश 20 रूपये चारे का अनुदान दिया जाता है। जबकि गौ वंश को प्रतिदिन चारा खिलाया जाता है जिसकी वर्ष भर आवश्यकता रहती है। राजस्थान सरकार द्वारा गतदिनों 9 माह का अनुदान देने की घोषणा की गई थी परन्तु लागु नहीं किया गया है। अतः पूर्ण वर्ष का भुगतान करने की मांग की गई है।

उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा इस प्रकार वर्ष में 6 माह के लिए ही उपलब्ध करवायी जा रही राशि उंट के मुंह में जिरा कहावत को चरित्रात करती है। महगाई के इस दौर में सरकार द्वारा पूरे वर्ष के लिए राशि उपलब्ध नहीं करवाना तथा उपलब्ध करवायी जाने वाली राशि का भी नाम मात्र का भुगतान करना गौशाला संचालन पर कुप्रभाव डाल रहा है, जिससे गौशालाओं का संचालन काफी कठिन हो गया है।

जिला कलक्टर को दिए ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सरकार से मांग की है कि गौवंश के लिए पूरे वर्ष की अनुदान राशि दी जावे तथा प्रति गौवंश न्यूनतम 100 रूपये राशि उपलब्ध करवायी जावे। साथ ही मांग की गई है कि प्रथम किस्त का भुगतान मार्च एवं द्वित्तीय किस्त का भुगतान सितम्बर माह में किया जावे। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की है कि राज्य सरकार की योजना आरजीएचएस के तर्ज पर ही गौवंश के लिए योजना बनाकर चिकित्सा व्यय का भुगतान करवाया जावे।

श्री सोनी ने बताया कि वर्तमान में सरकार द्वारा भामाशाहों से राशि लेकर गौशाला संचालन का दबाव बनाया जा रहा है, जोकि कोरोना काल से काफी विकट समस्या का रूप धारण कर चुकी है। साथ ही मंहगाई के दौर में चारे के भाव भी आसमान छूने से गौशाला संचालन में विकट समस्या पैदा कर दी हैं। उन्होंने सरकार की इस और तत्काल ध्यान आकर्षित कर मांगों पर न्यायोचित कार्यवाही करने का आग्रह किया है।

इस दौरान संगठन के अध्यक्ष त्रिभुवनपति गौतम, पिताबंर शर्मा, दुर्गा शंकर वर्मा, ईश्वरदत्त बागला, भगवान लाडला, अंबेश शर्मा, एस. पी. पांचाल, शिवप्रसाद, दिनेश, रामेश्वर, सत्यप्रकाश पांचाल के साथ ही जिले की विभिन्न गौशालो के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।