राजस्थान में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा पर बोले गहलोत- मेरा इस्तीफा सोनिया गांधी के पास, मुख्यमंत्री बदलेगा तो भनक नहीं लगेगी

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज सीएम बदलने की चर्चाओं को अफवाह करार देते कहा कि ऐसे अफवाह चलती रहती हैं उन पर ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने शनिवार को जयपुर में एक राजस्व सेवा परिषद के सम्मेलन के दौरान कहा कि ऐसी अफवाह चलती रहती है। इन पर ध्यान नहीं देना चाहिए, इससे गवर्नेंस पर असर पड़ता है। उन्होनें कहा जब मुख्यमंत्री बदलेगा तो भनक तक नहीं लगेगी।

1980 से मैं मुख्यमंत्री के लिए अधिकृत
गहलोत ने सम्मेलन के दौरान कहा, आप सभी निश्चिंत रहें मैं वह व्यक्ति हूं, जब 1998 में पहली बार मुख्यमंत्री बना, और तब से सोनिया गांधी ने मुझे तीन बार मुख्यमंत्री बनने का अवसर दिया तो मैने उन्हें अधिकृत कर रखा है। मेरा इस्तीफा तो परमानेंट ही उनके (सोनिया गांधी के) पास में है।

गहलोत बोले की बार बार यह बात नहीं आनी चाहिए कि मुख्यमंत्री बदल रहा है। उन्होंने कहा कि मैं पिछले दो तीन दिन से यही अफवाह सुन रहा हूं कि मुख्यमंत्री बदल रहा है लेकिन आप सभी इन अफवाहों पर ध्यान नहीं दें, जब मुख्यमंत्री बदलेगा तो आप लोगों को भनक तक नहीं लगेगी। अफवाह से बिना मतलब लोग कंफ्यूज हो जाते हैं। गवर्नेंस में फर्क पड़ जाता है। मैं यह बात क्यों कर रहा हूं? सरकार अनस्टेबल रहती है कि क्या हो रहा कांग्रेस के अंदर।

माली समाज का एक विधायक फिर भी मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे जनता के लोकप्रिय हैं, वे 36 कोम को साथ लेकर चलने वाले नेता हैं। उन्होंने कहा कि माली समाज का एक ही विधायक होने के बावजूद वे मुख्यमंत्री हैं। बता दें कि गहलोत के बयान को सचिन पायलट के सोनिया गांधी से मिलने के बाद मुख्यमंत्री बदलने की चली चर्चाओं पर पलटवार माना जा रहा है।