शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक सोमवार को जिला प्रमुख चंद्रावती कंवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केशोरायपाटन विधायक चंद्रकांता मेघवाल, पंचायत समिति प्रधान जिला, परिषद सदस्य मौजूद रहे।
जिला कलेक्टर रेणु जयपाल, एसपी शिवराज मीणा, सीईओ जिला परिषद मुरलीधर प्रतिहार एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री सड़क योजना एवं अन्य सड़कों की मरम्मत रखरखाव इत्यादि को लेकर व्यापक चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में बरसात के दौरान एवं पहले से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं से अवगत कराया। इस पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता वी.के. जैन ने स्वीकृत हो चुकी सड़कों की जानकारी दी और इनके अलावा ध्यान में लाई गई समस्याओं के बारे में कहा कि शीघ्र ही प्रस्ताव बनाकर भिजवा दिए जाएंगे। विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने सडकों के साथ-साथ अवैध बजरी खनन परिवहन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा सहित अन्य मुद्दों पर ध्यान आकृष्ट कराया।
उन्होंने अवैध बजरी परिवहन के मामलों पर नाराजगी जताई और इससे हुई दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी इस ओर ध्यान आकृष्ट किया। जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने इस मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर रेणु जयपाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं में बढ़ चढ़कर हिस्सा लें और प्रशासन के साथ समन्वय से उन्हें सफल बनाएं।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विश्वास दिलाया कि उनको गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की जाएगी।
पंचायतराज जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की बिजली, चिकित्सा, शिक्षा, नहर मरम्मत, रास्तों की समस्याएं इत्यादि मुद्दे उठाते हुए इनके समाधान की मांग की।